April 17, 2026

 CM रेखा गुप्ता पर हमला, जनसुनवाई के दौरान अफरातफरी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उस समय बड़ा हमला हो गया जब वह सीएम आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। घटना अचानक इतनी तेज़ी से घटी कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और अधिकारी भी हैरान रह गए। एक व्यक्ति सीएम से मिलने पहुंचा और अचानक चिल्लाते हुए उनके बाल पकड़ लिए, फिर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसने गाली-गलौज भी शुरू कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आरोपी को काबू में लिया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

 

हमलावर की पहचान 41 वर्षीय राजेशभाई खिमजीभाई सकरिया के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि आरोपी पेशे से ऑटो ड्राइवर है और वह पशु प्रेमी के रूप में जाना जाता है। उसकी मां ने भी मीडिया से बातचीत में यही कहा कि उनका बेटा डॉग लवर है और दिल्ली में आवारा कुत्तों के मुद्दे पर सरकार की कार्रवाई से वह बेहद आहत था। मां ने दावा किया कि बेटे ने इसी गुस्से में इतना बड़ा कदम उठा लिया।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजेश ने यह हमला कई कारणों से किया हो सकता है। कुछ खबरों में यह भी कहा गया कि उसके किसी परिजन का केस अदालत में चल रहा है और उसे छुड़वाने के लिए वह सीएम आवास पर आया था। हालांकि अभी तक पुलिस ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच अधिकारी आरोपी के दिल्ली आने और हमले के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं।

 

घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि राजेश शुरू में शांति से अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। लेकिन जैसे ही वह सीएम रेखा गुप्ता के सामने पहुंचा, उसने अचानक हमला कर दिया। चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी सीएम से मात्र एक हाथ की दूरी पर था और उसने सीएम के बाल पकड़कर थप्पड़ मारा। इस घटना से वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया।

 

इस हमले के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को तुरंत मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया और सीएम आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि, मानसिक स्थिति और मकसद की गहराई से जांच की जा रही है। दिल्ली में यह मामला बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दा बन गया है, और अब सभी की नजरें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!