चीनी विदेश मंत्री वांग यी आज भारत दौरे पर, सीमा विवाद और व्यापार पर होंगी अहम बातचीत
चीनी विदेश मंत्री वांग यी आज भारत पहुंच रहे हैं। उनका यह दौरा दो दिनों का होगा, जिसमें वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस यात्रा को भारत और चीन के बीच संबंधों में आई खटास को सुधारने की अहम कोशिश माना जा रहा है। खास बात यह है कि यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी की इस महीने के अंत में होने वाली चीन यात्रा से ठीक पहले हो रहा है।
भारत और चीन के रिश्तों में 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद से तनाव बना हुआ है। दोनों देशों ने कई दौर की बातचीत के बाद विवादित इलाकों से सैनिक हटाए हैं, लेकिन पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर अब भी करीब 50 से 60 हजार सैनिक तैनात हैं। ऐसे में वांग यी की यह यात्रा सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाली के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
वांग यी और NSA अजीत डोभाल के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता भी होगी। दोनों ही नेता सीमा विवाद पर चर्चा के लिए नामित विशेष प्रतिनिधि हैं। डोभाल दिसंबर 2024 में चीन की यात्रा कर चुके हैं और उस दौरान भी उन्होंने वांग से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इस बार भी दोनों सीमा विवाद को लेकर ठोस समाधान तलाशने की कोशिश करेंगे।
यह यात्रा भारत-अमेरिका संबंधों में बढ़ते तनाव के बीच और भी महत्वपूर्ण हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में भारतीय सामानों पर आयात शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है और रूसी तेल की खरीद पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया है। ऐसे हालात में भारत और चीन के बीच व्यापार पर बातचीत होना दोनों देशों के लिए बेहद जरूरी हो गया है।
वांग यी के कार्यक्रम के अनुसार वे सोमवार शाम दिल्ली पहुंचेंगे और उसी दिन शाम को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। मंगलवार सुबह NSA अजीत डोभाल के साथ वार्ता होगी, जबकि शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इधर, प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त को चीन जा रहे हैं, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होंगे। बतौर प्रधानमंत्री यह उनकी छठी चीन यात्रा होगी और छह साल बाद वे बीजिंग पहुंचेंगे।
Share this content:
