May 4, 2026

भइया, आप क्यों जा रहे हो? बुमराह के जवाब ने सिराज को अंदर तक हिला दिया

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ओवल टेस्ट के दौरान जसप्रीत बुमराह के साथ हुई एक भावुक बातचीत का खुलासा किया है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पांचवे टेस्ट मैच में बुमराह को मेडिकल सलाह के चलते बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद वह टीम का साथ छोड़कर जाने लगे। तभी सिराज ने उनसे एक सीधा और दिल छू लेने वाला सवाल पूछा – “भइया, आप क्यों जा रहे हो?”

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज मैच के हालात पर बातचीत करते दिखे। वीडियो में सिराज ने बताया कि उन्होंने बुमराह से पूछा, “मैं अगर 5 विकेट ले आया तो अब किसके गले लगूंगा?” बुमराह ने मुस्कराते हुए जवाब दिया, “मैं यहीं हूं, तू 5 विकेट लेकर आ।” यह जवाब सिराज को अंदर तक छू गया और टीम के भीतर की आत्मीयता और विश्वास को दर्शाता है।

सिराज ने यह भी बताया कि इंग्लैंड में गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है और इसलिए यहां खेलना उन्हें बेहद पसंद है। उन्होंने कहा कि इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का गर्व उन्हें है, लेकिन अगर भारत ये टेस्ट जीत जाता है, तो खुशी और भी ज्यादा होगी। अब तक इस सीरीज में सिराज ने 5 टेस्ट में 18 विकेट लिए हैं और वह टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं।

पांचवें टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 224 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 247 रन पर सिमट गई। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा दोनों ने 4-4 विकेट झटके, जबकि आकाश दीप ने एक विकेट लिया। दिन के अंत तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 75 रन बना लिए हैं और 52 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

टीम इंडिया की दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल 51 रन बनाकर नाबाद हैं और आकाश दीप 4 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। केएल राहुल 7 रन और साई सुदर्शन 11 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुकाबला रोमांचक मोड़ पर है और सिराज की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजी इकाई मैच को भारत की झोली में डालने के लिए तैयार नजर आ रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!