26 साल की उम्र में मॉडल और इन्फ्लुएंसर सैन रेचल का सुसाइड से निधन, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

ग्लैमर और फॉलोअर्स से भरी सोशल मीडिया की दुनिया के पीछे छिपे अकेलेपन और संघर्ष की एक और दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है। पुडुचेरी की मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सैन रेचल ने महज 26 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने किसी को भी अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

 

जानकारी के मुताबिक, सैन ने एक साथ कई बीपी की गोलियां खा ली थीं, जिसके बाद उन्हें पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया और फिर जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (JIPMER) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सैन आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थीं और उन्होंने कर्ज के दबाव में यह कदम उठाया।

 

सैन रेचल का असली नाम शंकर प्रिया था और वह पिछले कुछ समय से किडनी की बीमारी से भी पीड़ित थीं। इलाज और अन्य खर्चों ने उनके आर्थिक हालात को बिगाड़ दिया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने गहने तक गिरवी रख दिए थे और फैशन शो ऑर्गनाइज करने के प्रयास में भारी नुकसान उठाया। सैन ने मदद के लिए अपने पिता से भी संपर्क किया, लेकिन उन्हें अपने बेटे की जिम्मेदारियों का हवाला देकर सहायता नहीं मिल सकी।

 

मॉडलिंग की दुनिया में सैन ने कई उपलब्धियां हासिल की थीं। उन्होंने मिस पांडिचेरी (2020-21), मिस डार्क क्वीन तमिलनाडु (2019) और मिस बेस्ट एटीट्यूड जैसे खिताब जीते थे। इतना ही नहीं, ब्लैक ब्यूटी कैटेगरी में उन्होंने मिस वर्ल्ड का टाइटल भी अपने नाम किया था। हाल ही में उन्होंने शादी की थी, लेकिन शादी के बाद की जिम्मेदारियों और आर्थिक दबाव उनके लिए असहनीय हो गए।

 

सुसाइड नोट में रेचल ने लिखा कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। उनका यह फैसला निजी तकलीफों और हालात की उपज था। फिलहाल पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है।

 

सैन रेचल की आत्महत्या ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि चमक-दमक की दुनिया के पीछे कितने गहरे अंधेरे और दर्द छिपे होते हैं, जिनकी झलक सोशल मीडिया की चकाचौंध में कहीं खो जाती है।

Share this content:

About The Author

You may have missed