भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू हो रही है। सोमवार 19 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है और उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कल यानी 20 जनवरी को की जाएगी। इस पूरे चुनावी प्रक्रिया को बीजेपी मुख्यालय में संपन्न कराया जाएगा।
नितिन नबीन के नामांकन को पार्टी ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी के रूप में देखा है। उनके नामांकन में सभी राज्यों से प्रस्ताव मंगाए गए हैं, ताकि यह दिखाया जा सके कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को देशभर से समर्थन हासिल है। बीजेपी संसदीय दल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे दिग्गज नेता उनके प्रस्तावक होंगे। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच नामांकन दाखिल किया जाएगा, जिसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की औपचारिकताएं पूरी होंगी।
नितिन नबीन के नामांकन को लेकर सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी को दिल्ली बुलाया गया है। सभी को निर्देश दिया गया है कि वे दोपहर 2 बजे पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहें। पार्टी का उद्देश्य यह संदेश देना है कि संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर नितिन नबीन को सर्वसम्मति से समर्थन प्राप्त है।
बीजेपी के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम पांच राज्यों से प्रस्ताव आवश्यक होते हैं, लेकिन इस बार पार्टी ने सभी राज्यों से प्रस्तावक मंगाकर एक मजबूत एकजुटता का संकेत दिया है। इसके लिए सभी राज्यों को अलग-अलग फॉर्म भेजे गए थे, जिनमें 20-20 प्रस्तावकों के नाम और हस्ताक्षर शामिल किए गए। यह पूरी प्रक्रिया नामांकन से पहले ही पूरी कर ली गई थी।
20 जनवरी को नितिन नबीन के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसके बाद 21 जनवरी को नितिन नबीन राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे, जिसमें पार्टी की आगे की रणनीति और संगठनात्मक दिशा पर चर्चा होने की संभावना है।
Share this content:
