BJP ने 3 नेताओं को जारी किया कारण बताओ नोटिस ! सात दिन का दिया अल्टीमेटम, क्या है मामला
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ जाने वाली बयानबाजी व गतिविधि को अंजाम देने वाले पार्टी नेताओं पर खास नजर रखी जा रही है। ऐसे में पार्टी हाईकमान की ओर से चिन्हित नेताओं को नोटिस भेजने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कार्रवाई के बीच यूपी बीजेपी कानपुर देहात के तीन दिग्गज नेताओं (पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला और पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी) को सोशल मीडिया व मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी अनुशासन के विपरीत गतिविधियों व बयानों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वहीं पार्टी हाईकमान से जारी हुए पत्रों में कहा गया है कि इनके कृत्य पार्टी की विचारधारा के विपरीत हैं और गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आते हैं। पार्टी की ओर से इन नेताओं से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ऐसे बयान पार्टी की विचारधारा के खिलाफ
बीजेपी मुख्यालय से जारी नोटिसों में साफ तौर पर कहा गया है कि इन नेताओं के सोशल मीडिया पोस्ट और सार्वजनिक बयानों ने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया है। प्रदेश महासचिव गोविंद नारायण शुक्ल की ओर से भेजी गई इन नोटिसों में स्पष्ट कहा गया कि ऐसे बयान पार्टी की विचारधारा के खिलाफ हैं।
7 दिन के भीतर मांगा गया जवाब
भाजपा के तीनों नेताओं को जारी हुए पत्रों में निर्देश दिया गया है कि तीनों नेताओं को सात दिनों के भीतर अपना जवाब प्रदेश कार्यालय में उपस्थित होकर देना होगा। इसके साथ ही अल्टीमेटम देते हुए ये भी कहा गया है कि यदि नेताओं की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो पार्टी की ओर से कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। आपको बता दें कि यह कदम भाजपा की अनुशासन नीति को मजबूत करने और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
Share this content:
