बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से पहले चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। मंगलवार को प्रचार के आखिरी दिन आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने पटना में एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो सरकार गठन के ठीक दो महीने बाद यानी 14 जनवरी को राज्य की हर महिला के खाते में 30 हजार रुपये डाले जाएंगे। तेजस्वी ने दावा किया कि यह राशि “माई बहिन योजना” के तहत दी जाएगी, जिससे बिहार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह राशि एक साल की किश्त के रूप में दी जाएगी ताकि महिलाएं इसका ठोस उपयोग कर सकें।
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव के मूड में है और 20 साल से सत्ता में काबिज सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार महागठबंधन को मौका देकर बिहार में विकास और सम्मान की नई शुरुआत करें। तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर “जीविका दीदी” और “कम्युनिटी मोबिलाइजर” को स्थायी किया जाएगा और उन्हें हर महीने 2 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं गांव-गांव में सामाजिक और आर्थिक बदलाव की अहम कड़ी हैं, इसलिए इन्हें स्थायी दर्जा देना उनका पहला कदम होगा।
तेजस्वी यादव ने किसानों के लिए भी कई वादे किए। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली दी जाएगी। फिलहाल सरकार 55 पैसे प्रति यूनिट चार्ज करती है, लेकिन आरजेडी की सरकार आने पर यह दर शून्य कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि धान की खरीद पर किसानों को MSP से अतिरिक्त 300 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं पर 400 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे। साथ ही, पैक्स प्रतिनिधियों को जनप्रतिनिधि का दर्जा और पैक्स अध्यक्षों को मानदेय भी प्रदान किया जाएगा। तेजस्वी ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर किसानों को उनके हक का पूरा सम्मान मिलेगा और कृषि को राज्य की रीढ़ के रूप में मजबूत किया जाएगा।
आरजेडी नेता ने सरकारी कर्मचारियों के हित में भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद राज्य में पुरानी पेंशन योजना (ओल्ड पेंशन स्कीम) लागू की जाएगी। इसके अलावा, सरकारी कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके गृह जिले से 70 किलोमीटर के दायरे में ही की जाएगी, जिससे उन्हें अपने परिवार और सामाजिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाएगा और कामकाज की गुणवत्ता में सुधार लाएगा।
गौरतलब है कि बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। प्रचार के अंतिम दिन तेजस्वी यादव का यह ऐलान महागठबंधन के प्रचार अभियान का समापन बन गया। इससे पहले महागठबंधन की ओर से “तेजस्वी प्रण” नाम से घोषणा पत्र जारी किया गया था, जिसमें हर घर में एक सरकारी नौकरी देने, युवाओं को रोजगार और किसानों को राहत देने जैसे कई बड़े वादे शामिल हैं। अब देखना यह होगा कि तेजस्वी के इन वादों का असर मतदान के नतीजों पर कितना पड़ता है।
Share this content:
