April 16, 2026

बीएचयू में दो छात्रावासों के छात्रों के बीच हिंसक झड़प, पथराव में पीजी छात्र घायल; ड्रोन से निगरानी, अनधिकृत छात्रों पर सख्ती

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिरला और रुइया छात्रावास के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इस घटना में एक पीजी छात्र घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ में छात्रावास से जुड़े पुराने मतभेद बताए जा रहे हैं। आरोप है कि चार डिबार किए गए छात्रों ने रुइया छात्रावास के एक छात्र के साथ मारपीट की, जिसके बाद रुइया हॉस्टल के छात्र विरोध में एकजुट हो गए। इसी बीच बिरला छात्रावास के छात्र भी मामले में कूद पड़े और देखते ही देखते दोनों छात्रावासों के छात्र आमने-सामने आ गए। इसके बाद पथराव शुरू हो गया, जिससे कैंपस में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे छात्रावास क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की दोबारा हिंसा को रोका जा सके। कैंपस में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

इस बीच विश्वविद्यालय का प्रॉक्टोरियल बोर्ड भी सक्रिय हो गया है। बोर्ड की ओर से छात्रावासों में रह रहे अनधिकृत और पूर्व छात्रों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर हॉस्टल में रहने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मामले को लेकर डीसीपी काशी जोन वाराणसी गौरव बंसवाल ने बताया कि बिरला और रुइया छात्रावास के छात्रों के बीच पुरानी कहासुनी के चलते यह विवाद हुआ। पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके बयान के आधार पर कुछ पूर्व छात्रों के नाम सामने आए हैं, जो अनधिकृत रूप से हॉस्टल में रह रहे थे। पुलिस उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!