चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सूक्ष्म अंतरिक्ष मलबे (Space Debris) के टकराने की आशंका के चलते चीन के तीन अंतरिक्षयात्रियों की वापसी फिलहाल टाल दी गई है। चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (CMSA) ने बुधवार को बताया कि शेनझोउ-20 मिशन की टीम सुरक्षित है और यह फैसला पूरी तरह एहतियातन लिया गया है। एजेंसी ने कहा कि नए लैंडिंग शेड्यूल की घोषणा जल्द की जाएगी।
CMSA के अनुसार, अंतरिक्ष स्टेशन के आसपास सूक्ष्म पत्थरों और कणों जैसे मलबे की गतिविधि दर्ज की गई थी, जिससे टकराव की संभावना बढ़ गई थी। इसी वजह से चेन डोंग, चेन झोंगरुई और वांग जिए की टीम को अस्थायी रूप से स्टेशन पर ही रहने का निर्देश दिया गया है। दरअसल, इन अंतरिक्षयात्रियों ने छह महीने का मिशन पूरा कर लिया था और उन्हें बुधवार को इनर मंगोलिया के डोंगफेंग लैंडिंग साइट पर उतरना था। लेकिन सुरक्षा कारणों से यह लैंडिंग फिलहाल रोक दी गई है।
बताया जा रहा है कि चीन ने हाल ही में शेनझोउ-21 मिशन के तहत तीन नए एस्ट्रोनॉट्स को अंतरिक्ष में भेजा है, जिन्होंने स्टेशन पर पहुंचकर शेनझोउ-20 टीम से कामकाज संभाल लिया है। बीते मंगलवार को दोनों दलों के बीच औपचारिक हैंडओवर सेरेमनी हुई थी, जिसमें स्पेस स्टेशन की कमान नए दल को सौंप दी गई। इसके बाद पुरानी टीम की वापसी की तैयारी चल रही थी, लेकिन अचानक अंतरिक्ष मलबे की चेतावनी ने मिशन की योजना बदल दी।
अंतरिक्ष मलबा आज की दुनिया के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, तेज गति से उड़ते सूक्ष्म पत्थर या धातु के कण किसी भी अंतरिक्ष यान से टकराकर भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। चीन का यह एहतियाती कदम उसी खतरे को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। फिलहाल तीनों एस्ट्रोनॉट्स सुरक्षित हैं और स्टेशन पर सभी सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
चीन के लिए यह घटना एक बार फिर चेतावनी है कि अंतरिक्ष में बढ़ते मलबे से मानवयुक्त मिशन किस हद तक खतरे में पड़ सकते हैं। अब सभी की नजरें CMSA पर टिकी हैं, जो जल्द ही शेनझोउ-20 दल की सुरक्षित वापसी की नई तारीख घोषित करेगी।
Share this content:
