BBAU में यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप: रिसर्च स्कॉलर ने डीन पर लगाए अश्लील हरकतों के आरोप, आत्महत्या की चेतावनी
लखनऊ के बाबा साहब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) में एक रिसर्च स्कॉलर द्वारा विभागाध्यक्ष और डीन प्रो. राजेश कुमार पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित छात्र ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखकर बताया कि डीन ने उसे अश्लील वीडियो दिखाए और शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। छात्र का दावा है कि फेलोशिप साइन करने के बदले उससे आपत्तिजनक बातें कहीं गईं, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुका है।
छात्र ने कहा कि वह एमएससी का स्वर्ण पदक विजेता है और पीएचडी के दौरान कई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं जैसे CSIR-NET, ICAR-NET और GATE पास कर चुका है। इसके बावजूद, उसे लगातार मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। छात्र ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई, तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होगा।
पत्र में छात्र ने यह मांग की है कि मामले को आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के पास भेजा जाए और प्रो. राजेश कुमार को तत्काल डीन व हेड के पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी की है। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि वह अनुसूचित जाति से है, इसीलिए उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है और विश्वविद्यालय प्रशासन से तहरीर प्राप्त होने के बाद कानूनी कार्रवाई की बात कही है। उधर, प्रो. राजेश कुमार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश है। उनका कहना है कि शिकायत में कोई स्पष्ट तारीख या स्थान नहीं है और वे उस छात्र के गाइड भी नहीं हैं।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को ICC के पास भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मामला गंभीर होने के चलते छात्रों और शिक्षकों में भी व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।
Share this content:
