बार-बार मुंह में छाले होना कितना खतरनाक? मामूली परेशानी या गंभीर बीमारी का संकेत
मुंह में छाले होना एक आम समस्या मानी जाती है। अक्सर ज्यादा मसालेदार खाना खाने, पेट खराब रहने या हल्के संक्रमण की वजह से छाले हो जाते हैं और कुछ दिनों में अपने आप ठीक भी हो जाते हैं। लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होने लगे और छाले ठीक होने के बाद फिर लौट आएं, तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। लगातार मुंह में छाले होना शरीर में किसी अंदरूनी गड़बड़ी या गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मुंह में छाले होने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। सबसे सामान्य कारण शरीर में आयरन, फोलिक एसिड या विटामिन बी12 की कमी है। इसके अलावा पेट की गड़बड़ी, गैस, एसिडिटी और अत्यधिक मसालेदार भोजन भी छालों को बढ़ावा देता है। कई लोगों को साल में एक-दो बार छाले होते हैं, जो सामान्य माना जाता है, लेकिन अगर हर कुछ हफ्तों या दिनों में छाले हो रहे हैं, तो सतर्क हो जाना चाहिए।
गाजियाबाद स्थित मैक्स हॉस्पिटल के ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉक्टरों के अनुसार, अगर छाले हर महीने बार-बार हो रहे हों, उनके साथ मुंह से हल्का खून आता हो या वजन तेजी से घट रहा हो, तो यह खतरे की घंटी हो सकती है। इसके अलावा अगर मुंह में कोई एक छाला लंबे समय से ठीक नहीं हो रहा है और महीनों तक बना हुआ है, तो ऐसे मामलों में ओरल कैंसर की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि हर केस में कैंसर ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है, लेकिन जांच कराना बेहद जरूरी हो जाता है।
डॉक्टरों का कहना है कि बार-बार छाले आंतों की बीमारी, थायरॉयड, डायबिटीज या कमजोर इम्यून सिस्टम की वजह से भी हो सकते हैं। कुछ दुर्लभ मामलों में एचआईवी संक्रमण में भी मुंह में लगातार छाले देखने को मिलते हैं। इसलिए केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है।
कुछ लोग इस समस्या के ज्यादा जोखिम में होते हैं। जैसे तंबाकू या धूम्रपान करने वाले, डायबिटीज के मरीज, विटामिन बी12 की कमी से जूझ रहे लोग, जिन्हें अक्सर पेट की गड़बड़ी रहती है या जो बहुत ज्यादा मसालेदार भोजन करते हैं। ऐसे लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
बचाव के लिए विशेषज्ञ विटामिन बी12 और आयरन की जांच कराने की सलाह देते हैं। तंबाकू और धूम्रपान से दूरी बनाएं, बहुत ज्यादा तीखा और मसालेदार भोजन कम करें और मुंह की साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें। अगर छाले बार-बार हो रहे हैं या लंबे समय तक ठीक नहीं हो रहे हैं, तो ईएनटी स्पेशलिस्ट या डेंटिस्ट से तुरंत जांच कराना जरूरी है, ताकि किसी गंभीर बीमारी को समय रहते पकड़ा जा सके।
Share this content:
