April 21, 2026

बहराइच में दिल दहला देने वाली वारदात: प्रेमिका ने किया शादी का दबाव, प्रेमी ने गला काटकर की हत्या, सिर फेंककर हुआ फरार

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। यहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की निर्मम हत्या कर उसके सिर को दो किलोमीटर दूर फेंक दिया। इस खौफनाक वारदात का खुलासा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कर दिया और आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।

गले काटकर सिर अलग किया, दो किमी दूर फेंका

यह चौंकाने वाली घटना बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव की है। शुक्रवार की सुबह नहर किनारे एक लड़की का सिरविहीन शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में पुलिस को जानकारी मिली कि मृतका मल्हीपुर थाना क्षेत्र के चमर पुरवा गांव की रहने वाली अमीना थी।

जांच में पता चला कि अमीना का प्रेम प्रसंग श्रावस्ती जिले के हरदत नगर ग्रांट थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी आसिफ रजा उर्फ फैजान अली से चल रहा था। पुलिस ने जब मामले को गहराई से खंगाला तो चौंकाने वाले खुलासे हुए।

शादी का दबाव बना रही थी प्रेमिका, प्रेमी ने बनाई खौफनाक साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि अमीना अपने प्रेमी आसिफ पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन वह इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहता था। इससे बचने के लिए उसने एक खौफनाक साजिश रची। वारदात के दिन वह अमीना को पहले फिल्म दिखाने ले गया, फिर उसे बाइक पर जंगल की ओर ले गया।

अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर उसने तेजधार हथियार से अमीना का सिर धड़ से अलग कर दिया। हत्या के बाद उसने शव को वहीं छोड़ दिया और सिर को करीब दो किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके।

48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, मथुरा से पकड़ा गया हत्यारा

जब पुलिस ने जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, तो पता चला कि हत्या के वक्त आसिफ घटनास्थल पर मौजूद था। इससे पुलिस का शक गहरा गया। जब उसे पकड़ने के लिए दबाव बढ़ा, तो उसकी लोकेशन मथुरा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान पहले तो आसिफ पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब सख्ती की गई, तो उसने पूरे जुर्म का खुलासा कर दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अमीना का सिर बरामद कर लिया और उसके घर से वारदात में इस्तेमाल बाइक और कपड़े भी जब्त किए।

हत्या से पहले प्रेमिका को दिखाई थी फिल्म

बहराइच के अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी के मुताबिक, यह हत्या पहले से योजनाबद्ध थी। आसिफ ने पहले अमीना को भरोसे में लिया और उसे फिल्म दिखाने के बहाने बाहर ले गया। जब वे जंगल के पास पहुंचे, तो उसने बेरहमी से इस वारदात को अंजाम दिया।

इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!