May 3, 2026

मथुरा: आज बागेश्वर बाबा की पदयात्रा का भव्य स्वागत, चार दिन ब्रजभूमि में रहेंगे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आज मथुरा पहुंच रही है, जहां ब्रज तीर्थ देवालय न्यास द्वारा उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं। यह पदयात्रा 7 नवंबर से शुरू हुई थी और 16 नवंबर को वृंदावन में समाप्त होगी। अब यात्रा के आखिरी चार पड़ाव मथुरा जिले में होंगे, जिन्हें लेकर पूरे ब्रज में उत्साह का माहौल है।

कोटवन बॉर्डर से मथुरा में प्रवेश करते ही बाबा के अनुयायियों के स्वागत के लिए सड़कों को फूलों से सजाया गया है। बताया जा रहा है कि दोपहर 12 बजे के आसपास बागेश्वर धाम सरकार की पदयात्रा उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा ब्रजभूमि की ओर बढ़ेगी। टोल टैक्स और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां जोरों पर हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के स्वागत के लिए जुटने वाले हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। हाईवे एनएच-19 के कुछ हिस्सों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है ताकि पदयात्रा में किसी तरह की बाधा न आए। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आगरा से दिल्ली या दिल्ली से आगरा आने-जाने वाले लोग यात्रा मार्ग की जानकारी पहले ले लें, क्योंकि पदयात्रा के दौरान रास्ते कुछ समय के लिए बंद रहेंगे।

चार दिनों तक यह पदयात्रा मथुरा में रहेगी। इस दौरान साधु-संतों के साथ भक्तगण ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर सहित कई तीर्थ स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा का समापन बांके बिहारी के दर्शन के बाद किया जाएगा। मथुरा एसएसपी ने सभी सुरक्षा इंतजामों की खुद निगरानी की है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

ब्रजभूमि में धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह यात्रा न केवल धार्मिक एकता का संदेश दे रही है, बल्कि सनातन संस्कृति की एकता और शक्ति को भी नए सिरे से स्थापित कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!