एक्सिस बैंक में छंटनी का दौर शुरू, 100 से अधिक सीनियर कर्मचारियों को कहा गया इस्तीफा देने को
देश के तीसरे सबसे बड़े निजी बैंक एक्सिस बैंक में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ने अपने 100 से अधिक सीनियर स्टाफ को नौकरी छोड़ने के लिए कहा है। यह छंटनी बैंक के वार्षिक अप्रेजल प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें पुरस्कृत किया जाता है, प्रोमोशन दिया जाता है या छंटनी की जाती है। बैंक के प्रबंध निदेशक अमिताभ चौधरी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत में हर साल एक विस्तृत मूल्यांकन प्रक्रिया की जाती है। उन्होंने बताया कि कुछ कर्मचारियों को अच्छे प्रदर्शन के चलते प्रोमोशन मिला है या उन्हें अन्य इनाम दिए गए हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो अपेक्षा के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए, इसलिए उन्हें बैंक छोड़ने को कहा गया।
अमिताभ चौधरी ने यह भी कहा कि बैंकिंग सेक्टर को कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कुछ बिजनेस यूनिट्स अच्छा प्रदर्शन करती हैं, जबकि कुछ दबाव में रहती हैं। ऐसे में बैंक का फोकस उन क्षेत्रों में निवेश करने पर रहता है, जहां ग्रोथ की संभावना अधिक हो। इस वजह से हर कर्मचारी का प्रदर्शन महत्वपूर्ण हो जाता है और प्रदर्शन के आधार पर निर्णय लेना जरूरी होता है। उन्होंने साफ किया कि यह प्रक्रिया बैंक के वार्षिक मूल्यांकन प्रणाली का हिस्सा है और कोई असाधारण कदम नहीं है।
वहीं, मार्च 2025 की तिमाही में बैंक के मुनाफे में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। बैंक ने इस तिमाही में 7,117 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 7,130 करोड़ रुपये था। बैंक की ब्याज से होने वाली आय में सिर्फ 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पिछले वर्ष 13,089 करोड़ रुपये से बढ़कर इस वर्ष 13,811 करोड़ रुपये हो गई है।
Share this content:
