एविन लुईस की विस्फोटक वापसी, 15 चौके-छक्कों के साथ आयरिश गेंदबाजों पर बरसे, वेस्टइंडीज को जिताई सीरीज
वेस्टइंडीज के विस्फोटक ओपनर एविन लुईस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे क्यों टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज़ों में गिने जाते हैं। 15 जून को आयरलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में 91 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 7 चौके लगाकर कुल 15 बार गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा, और 206 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी करते हुए गेंदबाजों पर कहर बरपा दिया।
लुईस और कप्तान शे होप ने मिलकर पहले विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। होप ने भी तेज़तर्रार 51 रन बनाए। लुईस हालांकि शतक से चूक गए, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 256 रन ठोक डाले।
जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 194 रन ही बना सकी और मुकाबला 62 रन से हार गई। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने 3 मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली, क्योंकि पहले दो मैच बारिश की भेंट चढ़ गए थे।
दिलचस्प बात यह है कि एविन लुईस ने इससे पहले अक्टूबर 2024 में वनडे क्रिकेट में 1188 दिन बाद वापसी करते हुए भी शानदार शतक जड़ा था और श्रीलंका के खिलाफ टीम को हार से बचाया था।
एक समय मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग कर चुके लुईस ने यह साबित कर दिया है कि उनका बल्ला अब भी उतना ही तेज़ है, जितना पहले हुआ करता था। उनकी इस धमाकेदार वापसी ने ना केवल वेस्टइंडीज को जीत दिलाई, बल्कि यह भी बता दिया कि बड़े मंच पर बड़ा खिलाड़ी कैसे लौटता है।
Share this content:
