करा ली बेइज्जती… भारत को मर्सिडीज और पाकिस्तान को डंप ट्रक बताकर फंसे पाक सेना प्रमुख आसिम मुनीर
पाकिस्तान के सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के हालिया अमेरिका दौरे के दौरान दिए गए बयानों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी देने के साथ उसकी तुलना मर्सिडीज से और पाकिस्तान की तुलना डंप ट्रक से कर दी। यह उपमा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और उनके बयान का जमकर मजाक उड़ाया गया। आलोचकों का कहना है कि मुनीर ने खुद ही अपने देश की स्थिति को कमतर दिखा दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लोरिडा में एक पाकिस्तानी कम्युनिटी इवेंट में मुनीर ने कहा कि “भारत हाईवे पर फेरारी जैसी मर्सिडीज चला रहा है, लेकिन हम बजरी से भरे डंप ट्रक हैं। अगर ट्रक कार से टकराता है, तो नुकसान किसका होगा?” इस टिप्पणी को सुनकर वहां मौजूद लोगों में हंसी फैल गई और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तंज कसे जाने लगे। कई यूजर्स ने लिखा कि डंप ट्रक मर्सिडीज से टकराने से पहले ही पलट जाएगा।
मुनीर ने अपने भाषण में पाकिस्तान के तेल, गैस और खनिज संपदा का जिक्र करते हुए देश के उज्ज्वल भविष्य का दावा भी किया। उन्होंने अमेरिका, सऊदी अरब, यूएई और चीन के साथ मजबूत साझेदारी और 64% युवा आबादी को पाकिस्तान की ताकत बताया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस कथन का भी उल्लेख किया जिसमें भारतीय प्रवासियों को “प्रतिभा पलायन” नहीं बल्कि “प्रतिभा प्राप्ति” कहा गया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुनीर अमेरिका में सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के निवर्तमान कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला के रिटायरमेंट समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उन्होंने अमेरिकी धरती से भारत को परमाणु धमकी दी, जो कथित तौर पर पहली बार किसी पाकिस्तानी सैन्य प्रमुख ने किसी तीसरे देश के खिलाफ वहां से दी है।
इस यात्रा में एक और विवाद तब जुड़ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति को नहीं, बल्कि सेना प्रमुख मुनीर को व्हाइट हाउस में लंच के लिए आमंत्रित किया। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब भारत और अमेरिका के रिश्ते तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं, जिससे कूटनीतिक हलकों में सवाल खड़े हो गए हैं।
Share this content:
