रिलीज से पहले राष्ट्रपति भवन में दिखाई जाएगी ‘तन्वी द ग्रेट’, अनुपम खेर बोले- ये सम्मान की बात

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर की आने वाली फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ इन दिनों खूब चर्चा में है। रिलीज से पहले ही यह फिल्म न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तारीफें बटोर चुकी है, बल्कि अब इसे देश के सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को विशेष रूप से दिखाया जाएगा। फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन में आयोजित की जाएगी, जिसमें अनुपम खेर समेत फिल्म की टीम मौजूद रहेगी।

यह मौका सिर्फ अनुपम खेर ही नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का विषय बन गया है। फिल्म की कहानी ऑटिज्म से जूझ रही एक बच्ची पर आधारित है, जिसकी पृष्ठभूमि भारतीय सेना से जुड़ी हुई है। इसे अनुपम खेर ने खुद निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। राष्ट्रपति भवन में स्क्रीनिंग की खबर से अनुपम खेर भावुक नजर आए और उन्होंने कहा, “देश की महामहिम को मेरी फिल्म दिखाना मेरे करियर का सबसे बड़ा सम्मान है। एक नेता के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लचीलापन, शालीनता और सच्चे नेतृत्व की प्रतीक हैं।”

फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की कहानी शुभांगी दत्त के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ऑटिस्टिक बच्ची है। शुभांगी इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में अनुपम खेर के साथ अरविंद स्वामी, इयान ग्लेन, बोमन ईरानी, करण टैकर, पल्लवी जोशी, जैकी श्रॉफ और नासर जैसे नामचीन सितारे भी शामिल हैं।

इस फिल्म को अनुपम खेर स्टूडियोज के बैनर तले बनाया गया है और इसके ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन का जिम्मा रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट संभाल रही है। ‘तन्वी द ग्रेट’ 18 जुलाई 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इससे पहले फिल्म को कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, जिसने इसे पहले ही एक इंटरनेशनल पहचान दिला दी है।

अब देखना ये है कि राष्ट्रपति भवन की इस स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को दर्शकों से कैसा रिस्पॉन्स मिलता है।

Share this content:

About The Author

You may have missed