आपराधिक न्याय प्रणाली में एक नए युग का आगाज’, अमित शाह बोले- अब मिलेगा तुरंत इंसाफ
गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आपराधिक न्याय प्रणाली से जुड़े तीनों नए कानूनों के लागू होने के एक साल पूरा होने को नए युग का आगाज करार दिया है। इस अवसर पर भारत मंडपम में आयोजित ”न्याय प्रणाली में विश्वास का स्वर्णिम वर्ष” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अगले तीन साल के भीतर नई आपराधिक न्याय प्रणाली पूरी तरह से काम करने लगेगी और तब किसी भी नागरिक को तीन साल के भीतर न्याय मिलना सुनिश्चित हो जाएगा।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय से युक्त शासन का एक नया स्वर्णिम कालखंड शुरू होने वाला है।
उनके अनुसार जनता के अधिकारों की रक्षा करने वाली न्याय प्रणाली को पारदर्शी, लोकोपयोगी और समयबद्ध बनाने से बड़ा सुधार कोई नहीं हो सकता।तीनों नए कानूनों के अनुरूप आपराधिक न्याय प्रणाली को अमली जामा पहनाने की तैयारियों का ब्यौरा देते हुए अमित शाह ने कहा कि पिछले एक साल में 14 लाख 80 हजार पुलिसकर्मिओं, 42 हजार जेल कर्मियों, 19 हजार से अधिक न्यायिक अधिकारियों और 11 हजार से अधिक पब्लिक प्रोसेक्यूटर को प्रशिक्षित किया गया!
वहीं 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने शत-प्रतिशत क्षमता का निर्माण पूरा कर लिया है। 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने ई-साक्ष्य और ई-समन, छह राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों ने न्याय श्रुति और 12 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों ने सामुदायिक सेवा की अधिसूचना जारी कर दी है।
Share this content:
