वॉशिंगटन: 40 दिनों से ठप अमेरिका में आधी रात को सियासी हलचल, सीनेट में पास हुआ खर्चा बिल – क्या खुलेगा सरकारी ताला?

अमेरिका में इतिहास के सबसे लंबे सरकारी शटडाउन के बीच रविवार रात सीनेट में बड़ा मोड़ आया. 8 डेमोक्रेट सांसदों ने पार्टी लाइन तोड़कर रिपब्लिकन के पक्ष में वोट दिया, जिससे खर्चे का बिल आगे बढ़ गया. अब उम्मीद है कि सरकार का ताला जल्द खुल सकता है, हालांकि अभी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है.

अमेरिका में पिछले 40 दिनों से सरकारी कामकाज ठप पड़ा है. इस शटडाउन ने लाखों संघीय कर्मचारियों और आम नागरिकों की जिंदगी को प्रभावित किया है. रविवार देर रात हुई वोटिंग में सीनेट ने 60 वोटों से खर्चे से जुड़ा संशोधित बिल आगे बढ़ाया. यह बिल तभी आगे बढ़ पाया जब डेमोक्रेटिक पार्टी के आठ सांसदों ने रिपब्लिकन के साथ मिलकर वोट दिया. हालांकि यह सिर्फ शुरुआती कदम है, सरकारी दफ्तरों के पूरी तरह खुलने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं.

दरअसल, अमेरिका में हर साल नया वित्तीय वर्ष 1 अक्टूबर से शुरू होता है और उससे पहले ‘एप्रोप्रिएशन बिल’ यानी बजट पास होना जरूरी होता है. लेकिन इस बार रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच सहमति नहीं बन पाई. डेमोक्रेट्स चाहते थे कि मेडिकेड में हुई कटौतियों को वापस लिया जाए और ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ के तहत टैक्स क्रेडिट को बढ़ाया जाए. इन मांगों पर दोनों पार्टियां अड़ी रहीं और 1 अक्टूबर से सरकारी कामकाज ठप हो गया.

रविवार को जो वोटिंग हुई, उसमें रिपब्लिकन को 60 वोटों की जरूरत थी, लेकिन उनके पास 53 ही थे. आठ डेमोक्रेट्स के समर्थन से यह संख्या पूरी हुई. हालांकि, इन डेमोक्रेट्स को अपनी ही पार्टी के भीतर आलोचना झेलनी पड़ रही है, क्योंकि जिस ‘डील’ पर वे राजी हुए हैं, उसमें स्वास्थ्य सेवा सब्सिडी पर कोई ठोस गारंटी नहीं है. फिलहाल केवल इतना तय हुआ है कि दिसंबर के मध्य में इस मुद्दे पर अलग से वोटिंग कराई जाएगी.

अब भी शटडाउन खत्म होने का रास्ता पूरी तरह साफ नहीं हुआ है. यह बिल अभी सीनेट की प्रक्रियात्मक वोटिंग से गुजरना बाकी है. इसके बाद इसे हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भेजा जाएगा और वहां से पास होने के बाद ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हस्ताक्षर से यह लागू होगा. यानी फिलहाल सरकारी ताला खुलने की उम्मीद तो बनी है, लेकिन वॉशिंगटन में सियासी जंग अभी खत्म नहीं हुई है.

Share this content:

About The Author

You may have missed