May 1, 2026

अल्जारी जोसेफ के सामने चारो खाने चित हुए स्टीव स्मिथ

अल्जारी जोसेफ के सामने चारो खाने चित हुए स्टीव स्मिथ, रफ्तार भरी गेंदबाजी से उड़ा दिए स्टंप्स, देखें वीडियो
वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वक्त टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच खेला जा रहा है। इस मैच में स्टीव स्मिथ अल्जारी जोसेफ की रफ्तार भरी गेंदबाजी के सामने बोल्ड हो गए।

वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वक्त तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला जैमेका में खेला जा रहा है। इस मैच में दो दिनों का खेल खेला जा चुका है और यह मैच फिलहाल बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का बल्ला दोनों पारियों में नहीं चला। पहली पारी में उन्होंने जरूर 48 रन बनाए, लेकिन दूसरी पारी में वह सिर्फ 5 रन बनाकर अल्जारी जोसेफ की रफ्तार भरी गेंदबाजी के सामने बोल्ड हो गए।

दूसरी पारी में 5 रन बनाकर बोल्ड हुए स्मिथ

दूसरी पारी में जिस तरह से स्मिथ बोल्ड हुए वह ऑस्ट्रेलियाई फैंस को रास नहीं आ रहा है। अपने करियर में 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल चुके स्टीव स्मिथ जमैका टेस्ट में अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 13 गेंदों का सामना कर पाए। स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के नौंवें ओवर में आउट हुए।

स्टीव स्मिथ को समझ नहीं अल्जारी जोसेफ की गेंद

स्टीव स्मिथ जब दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आए उसी वक्त से वह बैटिंग में दिक्कतों का सामना कर रहे थे और अल्जारी जोसेफ भी उन्हें एक के बाद एक लगातार बेहतरीन गेंद डाल रहे थे। उन्होंने नौंवें ओवर की शुरुआती पांच गेंदों पर स्मिथ को कोई रन लेने का मौका नहीं दिया। उसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने स्टीव स्मिथ को अपनी रफ्तार भरी गेंदबाजी से चौंकाते हुए बोल्ड कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया-वेस्टइंडीज टेस्ट मैच का हाल

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी इनिंग में अल्जारी जोसेफ ने अब तक 8 ओवर गेंदबाजी की है जहां वह सिर्फ 19 रन देकर 3 विकेट ले चुके हैं। जोसेफ ने स्टीव स्मिथ के अलावा ब्यू वेबस्टर और एलेक्स कैरी को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस मुकाबले की बात करें तो दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी इनिंग में 29 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी पहली पारी में 225 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम अपनी पहली इनिंग में 143 रन बनाने में कामयाब रही थी। ऑस्ट्रेलिया के पास फिलहाल मेजबान टीम पर 181 रनों की बढ़त है। अब देखना ये होगा कि तीसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम यहां से कितना स्कोर बना पाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!