बॉलीवुड | Alpha के सेट पर आलिया भट्ट और बॉबी देओल के बीच ‘कोल्ड वॉर’ की चर्चा, रिलीज में देरी से बढ़ी मेकर्स की टेंशन
यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Alpha’ इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। यह फिल्म स्टूडियो की पहली फीमेल स्पाई फिल्म मानी जा रही है, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं, जबकि फिल्म में बॉबी देओल खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि फिल्म की रिलीज में लगातार हो रही देरी और सेट से सामने आई ‘कोल्ड वॉर’ की खबरों ने मेकर्स और फैंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। पहले 2025 में रिलीज होने वाली यह फिल्म अब कई बार पोस्टपोन हो चुकी है और अभी तक इसकी नई रिलीज डेट को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग के दौरान आलिया भट्ट और बॉबी देओल के बीच रचनात्मक मतभेद सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आलिया अपने दृश्यों के दौरान अक्सर क्रिएटिव सुझाव देती हैं, जिनमें कई बार बॉबी देओल से जुड़े सीन भी शामिल होते हैं। शुरुआत में इन सुझावों को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना गया, लेकिन समय के साथ इस पर असहमति बढ़ने लगी। कहा जा रहा है कि बॉबी देओल ने कुछ समय बाद इन हस्तक्षेपों पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों कलाकारों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई और सेट का माहौल भी प्रभावित हुआ।
फिल्म के निर्माण में पहले से ही देरी हो रही है, ऐसे में इन खबरों ने मेकर्स की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बताया जा रहा है कि प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा को शूटिंग की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए खुद सेट पर आना पड़ा, ताकि काम समय पर पूरा किया जा सके। दरअसल, स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों के अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन न करने के बाद प्रोडक्शन हाउस इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। फिल्म से स्टूडियो को काफी उम्मीदें हैं, इसलिए इसकी गुणवत्ता और समयसीमा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
‘Alpha’ को शुरुआत में दिसंबर 2025 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन कार्य समय पर पूरा न होने के कारण रिलीज डेट आगे बढ़ानी पड़ी। इसके बाद फिल्म को 2026 में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन निर्माण कार्य में आई बाधाओं के चलते यह योजना भी टल गई। फिलहाल फिल्म का काम जारी है और मेकर्स जल्द से जल्द इसे पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि दर्शकों को बहुप्रतीक्षित एक्शन स्पाई थ्रिलर देखने को मिल सके।
हालांकि, फिल्म के सेट पर कथित विवाद से जुड़ी सभी जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई है और आधिकारिक तौर पर इन खबरों की पुष्टि नहीं की गई है। बावजूद इसके, लगातार सामने आ रही ऐसी चर्चाओं ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि मेकर्स इन चुनौतियों से कैसे पार पाते हैं और ‘Alpha’ को कब तक सिनेमाघरों में रिलीज किया जाता है, क्योंकि दर्शकों को इस फिल्म से बड़े स्तर के एक्शन और दमदार कहानी की उम्मीद है।
Share this content:
