July 13, 2026

अजित पवार के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया, बारामती हादसे से राज्य में शोक की लहर

महाराष्ट्र के राजनीति और जनता के बीच मजबूत पहचान रखने वाले उपमुख्यमंत्री अजित पवार की आज बुधवार सुबह बारामती में एक विमान हादसे में मृत्यु होने की दुखद खबर सामने आई है। यह घटना तब हुई जब उनका विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पाँच लोग शहीद हो गए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव एवं राहत कार्य में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बारामती में हुए इस दुखद विमान हादसे से वे अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनकी पीड़ा को समझना कठिन है और इस कठिन घड़ी में उनके परिवारों को शक्ति एवं साहस मिले, इसी की वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से कहा कि अल्पकाल में ही इतनी महत्वपूर्ण सेवा देने वाले एक नेता का असमय निधन बेहद चौंकाने वाला और दुःखद है। उन्होंने अजित पवार को जनता का सच्चा सेवक बताया और उनके कार्यों की सराहना की।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने अजित पवार को “जनता के नेता” बताते हुए कहा कि उनका जमीनी स्तर पर जनता से गहरा जुड़ाव था और महाराष्ट्र की सेवा में उन्होंने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ, साथ ही गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका जुनून काबिले तारीफ था। उनके असामयिक निधन से पूरे राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी हादसे के संबंध में फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली।

 

दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर सुनकर महाराष्ट्र के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता बारामती की ओर रवाना हो रहे हैं। नागपुर में NCP (शरद पवार) के नेता एवं पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख भी इस खबर से भावुक हो गए और शब्दों में अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर पाए। पार्टी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों तथा सामान्य जनता में भी गहरा शोक व्याप्त है। अहिल्याबाई होल्कर अस्पताल के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो रहे हैं, जहाँ हादसे के पीड़ितों के लिए उपचार और जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है।

 

वहीं, अजित पवार का परिवार – पत्नी सुनेत्रा पवार और पुत्र पार्थ पवार, NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल तथा सांसद सुप्रिया सुळे के साथ दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो चुके हैं। पार्टी के नेता एवं समर्थक बारामती में शोक मना रहे हैं और हादसे की भयावहता को समझने की कोशिश कर रहे हैं। घटना स्थल पर आपदा प्रबंधन टीम स्थिति की जांच कर रही है और स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। इस हादसे ने महाराष्ट्र समेत पूरे देश को शोक में डुबो दिया है और राजनीति के साथ-साथ जनमानस में भी अपूरणीय क्षति की भावना व्याप्त हो गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!