April 17, 2026

हेल्थ सेक्टर में AI का कमाल: विप्रो की मशीन 30 मिनट में करेगी कैंसर की पहचान

हेल्थ सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और अब इसकी मदद से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की पहचान भी आसान हो सकती है। विप्रो की चीफ टेक्निकल ऑफिसर संध्या अरुण ने बताया कि एक खास एआई आधारित डिवाइस तैयार की गई है, जो महज 30 मिनट में मरीज में कैंसर के संकेत पहचानने में सक्षम है। इस तकनीक से जांच प्रक्रिया तेज, सटीक और अधिक भरोसेमंद बनने की उम्मीद जताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह एआई आर्म आधारित रोबोटिक एमआरआई मशीन मरीज के शरीर, खासकर पेट के हिस्से का स्कैन करती है और रीयल टाइम में स्क्रीन पर रिपोर्ट दिखाती है। स्कैन के दौरान अगर किसी प्रकार का ट्यूमर या कैंसर से जुड़ा संकेत मिलता है, तो एआई उसका विश्लेषण कर तुरंत जानकारी देता है। इस पूरी प्रक्रिया में 30 से 45 मिनट का समय लगता है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज शुरू करने में मदद मिल सकती है।

यह मशीन चार अलग-अलग आर्म से लैस है, जो शरीर के विभिन्न हिस्सों का विस्तृत स्कैन करने में सक्षम हैं। भारत में निर्मित इस एआई-संचालित एमआरआई तकनीक में डीप लर्निंग का उपयोग किया गया है, जिससे स्कैनिंग समय में करीब 37% तक कमी आती है और हीलियम की खपत भी 75% तक घटती है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह तकनीक भविष्य में कैंसर जांच को तेज, सटीक और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!