April 17, 2026

इंफोसिस ने एंथ्रोपिक से मिलाया हाथ, शेयरों में आई जोरदार तेजी

आईटी सेक्टर में मंगलवार को जबरदस्त रैली देखने को मिली, जिसमें इंफोसिस के शेयर 4 फीसदी से ज्यादा उछल गए। हाल के दिनों में एआई से बढ़ती प्रतिस्पर्धा की आशंका के चलते कंपनी के शेयरों में गिरावट आई थी, लेकिन अब एंथ्रोपिक के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा और स्टॉक में तेजी दर्ज की गई। आईटी इंडेक्स में भी 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त देखने को मिली।

इस साझेदारी के तहत इंफोसिस और एंथ्रोपिक मिलकर दूरसंचार, वित्तीय सेवाओं, मैन्युफैक्चरिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों के लिए उन्नत एंटरप्राइज एआई समाधान विकसित करेंगे। एंथ्रोपिक के क्लाउड एआई मॉडल को इंफोसिस की टोपाज़ एआई सेवाओं के साथ जोड़ा जाएगा। साथ ही अलग-अलग उद्योगों की जरूरत के अनुसार एआई एजेंट तैयार करने के लिए एक विशेष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किया जाएगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह सहयोग आईटी सेक्टर के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। हाल ही में एआई टूल्स के लॉन्च से आईटी कंपनियों के सामने बढ़ती प्रतिस्पर्धा को लेकर बाजार में चिंता थी, जिसके चलते आईटी शेयरों में गिरावट आई थी। अब इस साझेदारी के बाद निवेशक एआई से जुड़ी कंपनियों की रणनीति और भविष्य की योजनाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!