UP पुलिस के ट्वीट में आरोपियों की ‘जाति’ लिखने पर मचा हड़कंप: DGP से जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग, पोस्ट डिलीट

लखनऊ। पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने अम्बेडकरनगर पुलिस द्वारा एक आपराधिक मामले से संबंधित आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में शिकायतकर्ता और अभियुक्तों की जातियों का कथित रूप से अनावश्यक उल्लेख किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने और तथ्यों की जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बुजुर्ग के साथ मारपीट के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा

शिकायत के मुताबिक, अम्बेडकरनगर जिले में 23 नवंबर 2026 को एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ सड़क पर मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में शिकायतकर्ता उमेश मिश्रा की तहरीर पर थाना अकबरपुर में श्याम सिंह और राहुल मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352, 115(2), 117(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार भी कर लिया था।

पहले एक्स पोस्ट में जातियों का उल्लेख, बाद में हटाया गया अपडेट

अमिताभ ठाकुर का कहना है कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में अम्बेडकरनगर पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट से शुरुआती अपडेट जारी किया था, जिसमें शिकायतकर्ता और दोनों अभियुक्तों की जातियों का भी उल्लेख किया गया था। हालांकि, बाद में कथित तौर पर उस पोस्ट को हटा दिया गया और जातियों का उल्लेख किए बिना इसी मामले से संबंधित दूसरा अपडेट पोस्ट किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कथित मूल पोस्ट का स्क्रीनशॉट अब भी उपलब्ध है, जबकि मूल पोस्ट का लिंक फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

अमिताभ ठाकुर का आरोप है कि पुलिस ने पहले एक्स पर जो आधिकारिक अपडेट पोस्ट किया था, उसमें बुजुर्ग उमेश मिश्रा (ब्राह्मण) तथा अभियुक्तों श्याम सिंह (ठाकुर) और राहुल मिश्रा (ब्राह्मण) की जातियों का उल्लेख किया गया था। मामले के बढ़ने के बाद में इस मुख्य पोस्ट को डिलीट कर दिया गया और जातियों के उल्लेख को हटाते हुए इसी प्रकरण का एक नया संशोधित अपडेट पोस्ट किया गया। मूल पोस्ट का लिंक अब उपलब्ध नहीं है, लेकिन उसका एक स्क्रीनशॉट सामने आया है, जो कि सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

जातिगत पहचान का अनावश्यक उल्लेख पुलिस की निष्पक्षता पर खड़े करता है सवाल

इस घटनाक्रम पर आपत्ति जताते हुए अमिताभ ठाकुर ने कहा कि पुलिस की आधिकारिक सूचनाओं में किसी आपराधिक मामले से जुड़े व्यक्तियों की जातिगत पहचान का अनावश्यक उल्लेख उचित नहीं है। इस तरह की जानकारी सार्वजनिक करने से समाज में जातिगत विभाजन, पूर्वाग्रह और आपसी वैमनस्य को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही इससे पुलिस की निष्पक्ष कार्यप्रणाली और उसकी भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं।

डीजीपी से जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी से पूरे मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों और सोशल मीडिया प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि पुलिस की आधिकारिक सूचनाओं और सोशल मीडिया पोस्ट में किसी भी व्यक्ति की जाति का अनावश्यक उल्लेख न किया जाए। फिलहाल, इस मामले से संबंधित कथित मूल एक्स पोस्ट डिलीट की जा चुकी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed