रंगदर्शन नाट्य संध्या में सुनयना और बीहड़ में दावत का मंचन: प्रेम, संवेदना और सम्मान के संदेश ने दर्शकों को किया भावविभोर
लखनऊ। रंगदर्शन नाट्य संध्या के अंतर्गत शुक्रवार को गोमती नगर स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के ऑडिटोरियम में दो सशक्त कहानियों का प्रभावशाली मंचन किया गया। वरिष्ठ रंगकर्मी पुनीत अस्थाना की परिकल्पना एवं निर्देशन में भारतीयम् और शिवांजना के सहयोग से आयोजित इस नाट्य संध्या में वी.वा. शिरवाडकर की मूल रचना ‘मृगनक्षत्र’ पर आधारित नाटक ‘सुनयना’ तथा नाग बोडस रचित ‘बीहड़ में दावत’ का मंचन हुआ।
दोनों ही प्रस्तुतियां एकल अभिनय की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण रहीं, जिनमें अभिनेता राजीव रंजन सिंह और अभिनेत्री तृप्ति त्रिपाठी ने अपने सधे हुए अभिनय, भावाभिव्यक्ति और प्रभावशाली संवाद अदायगी से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। दोनों नाटकों के कथानक में प्रेम, संवेदना और पारस्परिक सम्मान की अहमियत को अलग-अलग परिस्थितियों के माध्यम से उभारा गया। प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि प्रेम का अर्थ केवल अपनी इच्छाओं की पूर्ति करना नहीं, बल्कि दूसरे व्यक्ति की भावनाओं, स्वतंत्रता और सहजता का सम्मान करना भी है।
‘सुनयना’ ने प्रेम, त्याग और संवेदनाओं की गहरी पड़ताल की
नाट्य संध्या की पहली प्रस्तुति ‘सुनयना’ ने प्रेम और जीवन की जटिल परिस्थितियों को बेहद संवेदनशील अंदाज में सामने रखा। कहानी का मुख्य पात्र मानस एक प्रसिद्ध सूफी गायक है, जिसे संगीत के साथ-साथ पेंटिंग का भी गहरा शौक है। अपने एक कार्यक्रम के सिलसिले में लखनऊ आने पर उसकी मुलाकात लखनऊ आर्ट्स कॉलेज के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलाकार प्रोफेसर मुखर्जी से होती है। मानस की चित्रकला में रुचि देखकर प्रोफेसर मुखर्जी उसे अपने स्टूडियो आने का निमंत्रण देते हैं। धीरे-धीरे दोनों के बीच गहरी मित्रता हो जाती है और मानस का उनके यहां नियमित आना-जाना शुरू हो जाता है। इसी दौरान एक घटना उसके जीवन को एक नई दिशा देती है। प्रोफेसर मुखर्जी की कुछ मिनिएचर पेंटिंग्स लखनऊ के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एसके गौतम के क्लीनिक पर पहुंचती हैं, जहां मानस की मुलाकात बेहद खूबसूरत युवती सुनयना से होती है। सुनयना अपने बीमार बच्चे के इलाज के लिए परेशान होती है और आर्थिक तंगी के कारण दवाइयों का भुगतान नहीं कर पाती। क्लीनिक का कंपाउंडर जब उसे उधार दवा देने से इनकार करते हुए डांटता है, तो मानस उसकी विवशता समझते हुए दवाइयों का भुगतान कर देता है। सुनयना पैसे लौटाने की बात कहती है, जिस पर मानस उसे अपना पता दे देता है, लेकिन वह दोबारा नहीं आती।
दरअसल, आर्थिक अभाव और समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उसके बच्चे की मृत्यु हो जाती है। पति भी उसे छोड़कर एक संपन्न विधवा के साथ अपना नया संसार बसा चुका होता है। जीवनयापन के लिए सुनयना मॉडलिंग का काम शुरू करती है और इसी क्रम में उसकी मुलाकात दोबारा प्रोफेसर मुखर्जी के स्टूडियो में मानस से होती है। उसकी जिंदगी की त्रासदी जानकर मानस के मन में उसके प्रति गहरी सहानुभूति और प्रेम का भाव पैदा होता है। सुनयना भी मानस को चाहने लगती है, लेकिन अपने अभिशप्त अतीत और जीवन की पीड़ा की छाया उस पर नहीं पड़ने देना चाहती। इसी भावनात्मक द्वंद्व के बीच वह लखनऊ छोड़कर रतलाम में रहने वाले एक अमीर विधुर के साथ चली जाती है। कहानी का यह अंत प्रेम के उस पक्ष को उजागर करता है, जहां किसी को पाने की इच्छा से अधिक महत्वपूर्ण उसकी परिस्थितियों और भावनाओं को समझना होता है।
हास्य-व्यंग्य के जरिए ‘बीहड़ में दावत’ ने दिखाया प्रेम का अनोखा रूप
दूसरी प्रस्तुति ‘बीहड़ में दावत’ हास्य और व्यंग्य से भरपूर रही। करीब 30 से 35 वर्ष पुराने घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में रची गई यह कहानी चंबल के भिंड-मुरैना क्षेत्र में डाकुओं के सामूहिक आत्मसमर्पण की घटना से प्रेरित है। कथानक के अनुसार, सोशल साइंसेज के निदेशक प्रोफेसर बासु अपने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में जाकर वहां की सामाजिक परिस्थितियों का नजदीकी अध्ययन करने और विस्तृत केस स्टडी तैयार करने का निर्देश देते हैं। विद्यार्थियों का एक समूह मुरैना पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत और मुलाकातों के जरिए अध्ययन शुरू करता है। इस दौरान उन्हें कई अजीबोगरीब परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसी सिलसिले में वे बीहड़ के एक गांव के चौधरी के घर पहुंचते हैं, जहां उनका शानदार स्वागत और आवभगत की जाती है। भोजन के समय चौधरी उनके सामने ढेर सारा खाना परोस देता है।
शहरी परिवेश से आए विद्यार्थी इतनी अधिक मात्रा में भोजन देखकर असहज हो जाते हैं और उसे खत्म करने में उनके पसीने छूटने लगते हैं। विद्यार्थियों को भोजन न करते देख चौधरी इसे अपने आतिथ्य और सम्मान का अपमान समझ बैठता है। बात इतनी बढ़ जाती है कि गुस्से में वह विद्यार्थियों पर अपनी बंदूक तान देता है। हास्य और तनाव से भरपूर यह घटनाक्रम दर्शकों को खूब गुदगुदाता है, वहीं कहानी अपने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह सवाल भी खड़ा करती है कि क्या प्रेम और मेहमाननवाजी के नाम पर अपनी इच्छा दूसरों पर थोपना उचित है? इस प्रस्तुति में ‘प्रेम का अत्याचार’ एक ऐसी विडंबना के रूप में उभरकर सामने आया, जहां अतिथि सत्कार की भावना दूसरे की सहजता और सीमाओं पर भारी पड़ जाती है।
कलाकारों के अभिनय और रंगमंचीय संयोजन ने बांधा समां
दोनों नाट्य प्रस्तुतियों को देखने के लिए ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। दर्शकों ने कथानक की संवेदनशीलता, हास्य-व्यंग्य और कलाकारों की प्रभावशाली अभिनय क्षमता का भरपूर आनंद लिया। मंच पर भावनात्मक दृश्यों से लेकर हास्यपूर्ण प्रसंगों तक कलाकारों ने अपने अभिनय से प्रस्तुतियों को जीवंत बनाए रखा। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से आयोजित इस रंगदर्शन संध्या में नाटकों का सेट डिजाइन आनंद अस्थाना ने तैयार किया, जबकि निर्माण का दायित्व आशुतोष विश्वकर्मा ने निभाया।
तो वहीं प्रकाश व्यवस्था मनीष सैनी ने संभाली और कॉस्ट्यूम डिजाइन की जिम्मेदारी रत्ना अस्थाना ने निभाई। पार्श्व संगीत अंकुर सक्सेना तथा प्रचार-प्रसार का कार्य राजीव रंजन सिंह ने संभाला। दोनों प्रस्तुतियों में सह-निर्देशन की जिम्मेदारी भी राजीव रंजन सिंह ने निभाई। वहीं दोनों नाटकों की प्रस्तुति, परिकल्पना और निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी पुनीत अस्थाना का रहा।
Share this content:
