Delimitation Bill: सपा-कांग्रेस पर बरसे ब्रजेश पाठक बोले- महिला आरक्षण पर विपक्ष का दोहरा चरित्र उजागर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन बिल को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कैबिनेट के प्रति आभार व्यक्त किया है। अपने सरकारी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी देना देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी दिलाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त किया गया था और अब केंद्रीय कैबिनेट ने इसे 2029 के चुनावों से पहले लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इससे देश की महिलाओं को अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए अब और लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

संसद और विधानसभाओं में सीटें बढ़ने से मजबूत होगा महिलाओं का प्रतिनिधित्व

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का निर्णय महिला आरक्षण को व्यावहारिक और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा, क्षमता तथा नेतृत्व कौशल के प्रदर्शन के अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार इस दिशा में फैसले लेते समय देश के सभी राज्यों के हितों और उनकी आवश्यकताओं का भी ध्यान रख रही है। यह पहल केवल महिलाओं को आरक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की राजनीतिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी को मजबूत करने और उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में स्थापित करने का प्रयास है।

उत्तर प्रदेश में भी बढ़ेंगी सीटें, बहनों-बेटियों को मिलेंगे राजनीति में अधिक अवसर

ब्रजेश पाठक ने कहा कि डिलिमिटेशन की प्रक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश में भी सीटों की संख्या बढ़ेगी, जिससे प्रदेश की बहनों और बेटियों को राजनीति में आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। इससे महिलाओं का राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी आवाज पहले से अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में शासन, प्रशासन, शिक्षा, सामाजिक और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। महिला आरक्षण कानून लागू होने से इस दिशा में एक नई गति आएगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सांसदों से विधेयक के समर्थन की अपील की

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी सांसदों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उचित प्रतिनिधित्व दिलाना ही वास्तविक महिला सशक्तिकरण है। यह ऐसा विषय है, जिस पर सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर महिलाओं के हित में एकजुट होना चाहिए। महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने से न केवल उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा, बल्कि नीति निर्धारण और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में भी उनकी भूमिका मजबूत होगी।

ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों ने महिला आरक्षण के रास्ते में बाधा डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं के अधिकारों और आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन जब महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने का अवसर आता है तो उनका रवैया अलग दिखाई देता है। अखिलेश यादव महिला आरक्षण के समर्थन की बात करते हैं, जबकि ब्रजेश पाठक के अनुसार समाजवादी पार्टी ने संबंधित विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। उन्होंने कहा कि सपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। महिलाओं के अधिकारों और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का दोहरा चरित्र जनता के सामने उजागर हो चुका है।

Share this content:

About The Author

You may have missed