अखिलेश यादव आज खोलेंगे चुनावी घोषणापत्र का पूरा पिटारा: सपा के जन-मन घोषणापत्र में क्या-क्या होगा खास

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी समाजवादी पार्टी चुनावी तैयारियों को लेकर फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। इसी कड़ी में पार्टी संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। सपा ने अपने इस घोषणापत्र को ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प- PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया है। इसके जरिए पार्टी अपने पीडीए समीकरण को और मजबूत करने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को साधने की तैयारी में है। घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने सहित दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे शामिल किए जाने की संभावना है।

विशेष टीम ने तैयार किया घोषणापत्र, ग्राउंड फीडबैक के आधार पर तय किए गए मुद्दे

समाजवादी पार्टी ने इस बार अपना चुनावी घोषणापत्र तैयार करने के लिए विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों से सेवानिवृत्त ब्यूरोक्रेट्स के साथ पार्टी के अलग-अलग फ्रंट के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया। घोषणापत्र तैयार करने के दौरान युवाओं, महिलाओं, किसानों, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन सभी वर्गों की समस्याओं और जरूरतों को समझने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की और जमीनी स्तर पर उनका फीडबैक जुटाया। इसके अलावा उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ भी चर्चा की गई, ताकि प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए जरूरी सुझावों को घोषणापत्र में शामिल किया जा सके। पार्टी की कोशिश है कि चुनावी वादे केवल बड़े राजनीतिक मुद्दों तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों को भी इसमें जगह मिले।

लखनऊ से लेकर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र

इस बार समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र की एक खास बात यह भी होगी कि इसमें प्रदेशव्यापी वादों के साथ स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी की योजना लखनऊ के शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष घोषणापत्र तैयार करने की है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थानीय समस्याओं, विकास की जरूरतों और क्षेत्रीय अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर अलग-अलग घोषणापत्र तैयार किए जाने की बात सामने आई है। इसके तहत हर जिले की अपनी जरूरतों के हिसाब से विकास संबंधी मुद्दों और योजनाओं को शामिल किया जाएगा। वहीं, पूरे प्रदेश के लिए एक मुख्य घोषणापत्र होगा, जिसमें समाजवादी पार्टी का व्यापक विकास विजन और प्रमुख चुनावी वादे दर्ज होंगे। पार्टी का फोकस स्थानीय जरूरतों को चुनावी एजेंडे से जोड़ने पर है, ताकि अलग-अलग जिलों के मुद्दों को भी राजनीतिक चर्चा में जगह मिल सके।

क्या-क्या हो सकते हैं घोषणापत्र के प्रमुख वादे ?

समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित घोषणापत्र में सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और पेंशन से जुड़े कई बड़े वादे शामिल होने की संभावना है। इनमें महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन देने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से चर्चा में है। इसके अलावा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए पात्र लोगों को दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का वादा भी किया जा सकता है। सरकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली का प्रस्ताव भी घोषणापत्र का हिस्सा हो सकता है। वहीं, सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने का प्रस्ताव भी सामने आया है। हालांकि, इन प्रस्तावों और वादों की आधिकारिक पुष्टि घोषणापत्र जारी होने के बाद ही होगी।

पीसी में खुलेगा घोषणापत्र का पूरा पिटारा

समाजवादी पार्टी आज दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपने चुनावी घोषणापत्र की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी। इसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, शिक्षा और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का रुख स्पष्ट होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प- PDA का प्रणपत्र’ के जरिए समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किन मुद्दों को अपना प्रमुख चुनावी एजेंडा बनाती है।

Share this content:

About The Author

You may have missed