अन्तर्राष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव पर 12 राज्यों समेत विदेशी कलाकार बिखेरेंगे जलवा: हस्तशिल्प-पारंपरिक कला की दिखेगी झलक
लखनऊ। भारतीय सभ्यता और संस्कृति में जनजातीय समुदाय के अतुलनीय योगदान, उनकी समृद्ध विरासत, लोककला और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार राजधानी लखनऊ में चार दिवसीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा एवं अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का भव्य आयोजन करने जा रही है। लोकनायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 23 से 26 नवंबर, 2026 तक गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में आयोजित होने वाले इस उत्सव में देश के 12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जनजातीय संस्कृति के विविध रंग बिखेरेंगे। इसके साथ ही कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उत्सव के माध्यम से जनजातीय समाज के रहन-सहन, लोककला, खान-पान, वेशभूषा, बोली, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता से युवा पीढ़ी को परिचित कराया जाएगा। खास बात यह है कि आयोजन के सभी कार्यक्रमों में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्सव की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 23 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे। इसी दिन राजधानी के 1090 चौराहे से सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के करीब 250 कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक समागम यात्रा भी निकाली जाएगी, जो देश की जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक एकता का संदेश देगी। उन्होंने बताया कि 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे एवं मालदीव के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को विशेष पहचान देंगे।
12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार दिखाएंगे लोकसंस्कृति की झलक
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस उत्सव में महाराष्ट्र, सिक्किम, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और उत्तर प्रदेश के 500 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। ये कलाकार अपने-अपने राज्यों की पारंपरिक लोकनृत्य शैलियों, लोकसंगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की समृद्ध विविधता प्रस्तुत करेंगे। आयोजन में विभिन्न राज्यों की जनजातीय परंपराओं को एक मंच पर देखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विदेशी कलाकारों की सहभागिता इस उत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेगी।
70 से अधिक स्टॉल पर दिखेगी हस्तशिल्प और पारंपरिक कला की झलक
उत्सव में जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए 70 से अधिक हस्तशिल्प स्टॉल लगाए जाएंगे। हस्तशिल्प एवं कला मेले में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक शिल्प, कलाकृतियां और जनजातीय उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं, खान-पान की विविधता से लोगों को परिचित कराने के लिए ‘जेवनार’ एवं ‘देशी स्वाद’ नाम से व्यंजन मेले के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। यहां देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त साहित्यिक एवं विकास मंच के माध्यम से जनजातीय साहित्य, भाषा और लोक परंपराओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। जनजातीय लोककला एवं बोली विकास अकादमी, जनजातीय संग्रहालय भोपाल (मध्य प्रदेश) सहित अन्य प्रकाशनों की ओर से पोथी घर और पुस्तक प्रदर्शनी से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।
‘धरती आबा’ नाटक का होगा मंचन, जनजातीय विकास पर होंगी संगोष्ठियां
चार दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जनजातीय समाज के इतिहास, संघर्ष, योगदान और विकास से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी जाएगी। इस दौरान ‘धरती आबा’ नाटक का मंचन किया जाएगा, जो जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके योगदान को सामने लाएगा। इसके अलावा जनजातीय समाज के उत्थान, सामाजिक विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समुदाय की ऐतिहासिक भूमिका और भारतीय समाज में उनके योगदान को व्यापक स्तर पर रेखांकित किया जाएगा।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा शिल्प मेला, शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन की समय-सारिणी के अनुसार शिल्प मेले की शुरुआत प्रतिदिन सुबह 11 बजे होगी, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 5 बजे से प्रारंभ होंगे। प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और मेले का समापन रात 9 बजे तक किया जाएगा। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने राजधानीवासियों से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और देश-विदेश की जनजातीय संस्कृति, कला, परंपराओं तथा विरासत को करीब से जानने का अवसर प्राप्त करें।
कई विभागों के संयुक्त सहयोग से होगा आयोजन
जनजातीय गौरव पखवाड़ा एवं अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का आयोजन उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, जनजाति विकास विभाग, ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट, समाज कल्याण विभाग तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ के निदेशक अतुल द्विवेदी ने आयोजन की विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों और तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर संस्कृति निदेशक संजय कुमार सिंह, संस्कृति विभाग की विशेष सचिव दीपा रंजन, समाज कल्याण विभाग की उपनिदेशक प्रियंका सिंह सहित विभिन्न सहभागी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this content:
