चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी UP में दो दिवसीय ‘माइकोबिज 2026’ वर्कशॉप: किसानों को कंपोस्ट, वैज्ञानिक खेती और स्वरोजगार के सिखाए गुर
उन्नाव। खेती-किसानी के साथ अब मशरूम उत्पादन भी किसानों की आमदनी बढ़ाने का बेहतर जरिया बन सकता है। कम लागत में स्वरोजगार और व्यावसायिक उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए किसानों को मशरूम की वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश की ओर से 16 और 17 नवंबर को दो दिवसीय वर्कशॉप ‘माइकोबिज 2026’ का आयोजन किया गया।
यूनिवर्सिटी के बायोटेक्नोलॉजी विभाग ने कृषि विज्ञान केंद्र उन्नाव के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य किसानों और विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों, आधुनिक कृषि तकनीकों और स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम की थीम ‘नेक्स्ट जनरेशन बायोटेक्नोलॉजी: फ्रॉम लैब्स टू फील्ड्स’ रखी गई, जिसके माध्यम से प्रयोगशाला में विकसित तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताए मशरूम उत्पादन के आधुनिक तरीके
वर्कशॉप के दौरान कृषि और मशरूम उत्पादन के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र उन्नाव की प्रभारी डॉ. अर्चना सिंह, बंधुजा एग्रोफ्यूजन प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ के टेक्निकल एक्सपर्ट मोहम्मद आसिफ और सीएसआईआर-सीमैप, लखनऊ के प्रिंसिपल टेक्निकल ऑफिसर एवं मशरूम कल्टीवेशन लैब के प्रभारी डॉ. रक्षपाल सिंह ने विशेषज्ञ सत्र लिए। विशेषज्ञों ने बटन मशरूम की खेती, उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, जरूरी सावधानियों और व्यावसायिक स्तर पर इसकी खेती करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों को समझाया कि आधुनिक तकनीक और सही प्रशिक्षण के माध्यम से मशरूम उत्पादन को एक सफल व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है। साथ ही इससे जुड़े रोजगार और उद्यमिता के अवसरों की भी जानकारी दी गई।
प्रैक्टिकल के जरिए सिखाई मशरूम की खेती
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि किसानों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। विशेषज्ञों ने मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए कंपोस्ट तैयार करने, स्पॉन बनाने और स्पॉनिंग की तकनीक के बारे में विस्तार से समझाया। किसानों को बताया गया कि मशरूम की अच्छी पैदावार के लिए उत्पादन की प्रत्येक प्रक्रिया का सही तरीके से पालन करना जरूरी है। वहीं, विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रेजेंटेशन और प्रदर्शनी के माध्यम से मशरूम बायोटेक्नोलॉजी के नए प्रयोगों, तकनीकी नवाचारों और व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। इससे किसानों और विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन के वैज्ञानिक और व्यावसायिक दोनों पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
आधुनिक तकनीक से उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. डॉ. विनिथ कुमार नायर और प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. थिपेंद्र पी. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस वर्कशॉप के माध्यम से किसानों और विद्यार्थियों को नई तकनीकों के साथ कृषि आधारित उद्यमिता अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि पारंपरिक खेती के साथ मशरूम उत्पादन जैसे वैकल्पिक कृषि व्यवसाय अपनाकर किसान अपनी आय के नए स्रोत विकसित कर सकते हैं। वहीं, विद्यार्थियों के लिए भी बायोटेक्नोलॉजी के ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने और रोजगार के बजाय स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसरों पर प्रकाश डाला गया।
Share this content:
