KGMU में रैगिंग का वीडियो वायरल, जूनियर छात्रों से जबरन करवाया जा रहा था प्रणाम, सुरक्षाकर्मी बने रहे मूकदर्शक

लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय परिसर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के जूनियर छात्र-छात्राओं से सीनियर छात्रों द्वारा कथित तौर पर जबरन प्रणाम करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में जूनियर छात्र-छात्राएं सीनियर छात्रों के सामने कतार में सिर झुकाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के एंटी-रैगिंग दावों और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। हालांकि, केजीएमयू प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को रैगिंग मानने से इनकार करते हुए इसे जूनियर छात्रों की ओर से सीनियर्स के प्रति सम्मान जताने का मामला बताया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो केजीएमयू परिसर स्थित कलाम सेंटर के ठीक सामने का बताया जा रहा है। वीडियो में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्र और छात्राएं सीनियर विद्यार्थियों के सामने अनुशासित कतार में सिर झुकाकर खड़े नजर आ रहे हैं। इस दौरान जूनियर छात्रों से कथित तौर पर दबाव बनाकर हाथ जोड़ते हुए ‘प्रणाम महोदय’ बुलवाया जा रहा है, जबकि छात्राओं से ‘प्रणाम मैडम जी’ कहलवाया जा रहा है। वीडियो में जिस तरह से जूनियर विद्यार्थियों को निर्देशों का पालन करते हुए सिर झुकाकर अभिवादन करते देखा जा रहा है, उसने रैगिंग को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी भी नहीं आए आगे, मोबाइल से बनाते रहे वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम में विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय कलाम सेंटर के बाहर जूनियर छात्र-छात्राओं से इस तरह प्रणाम करवाया जा रहा था, उस दौरान परिसर में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। इसके बावजूद किसी सुरक्षाकर्मी ने कथित तौर पर हस्तक्षेप कर स्थिति को रोकने या सीनियर छात्रों को टोकने की कोशिश नहीं की। इसके उलट, सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन से इस घटनाक्रम का वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद चिकित्सा शिक्षा जगत में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, अभिभावकों के बीच भी नाराजगी देखी जा रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन की जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

KGMU प्रशासन ने रैगिंग से किया इनकार, बताया सीनियर्स का सम्मान

वहीं, इस मामले में केजीएमयू प्रशासन ने रैगिंग होने की बात से इनकार किया है। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि यह रैगिंग का मामला नहीं है, बल्कि जूनियर छात्र अपने सीनियर्स के सम्मान में सिर झुकाकर उन्हें प्रणाम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय में रैगिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और प्रशासन की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण के बाद मामले को लेकर सवाल बने हुए हैं। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस पूरे प्रकरण की जांच कराता है या नहीं और परिसर में एंटी-रैगिंग नियमों के पालन को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

नोट: वायरल वीडियो की पुष्टि एबीएस न्यूज नहीं करता है।

Share this content:

About The Author

You may have missed