April 17, 2026

कासगंज के बंद मकान में एक ही परिवार के 5 सदस्यों के शव मिले, सामूहिक आत्महत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। अमांपुर थाना क्षेत्र के अमांपुर कस्बे में एक बंद पड़े मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए। घर के अंदर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव पास में पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के मुताबिक, एटा रोड निवासी 50 वर्षीय श्यामवीर बेल्डिंग की दुकान चलाता था और दुकान के पिछले हिस्से में अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में उसकी पत्नी शीला (48), दो बेटियां आकांक्षा (10) और प्राची (12) तथा 8 वर्षीय बेटा ग्रीस शामिल थे। पिछले तीन दिनों से घर में किसी तरह की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

 

मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के पीछे के दरवाजे की जाली तोड़कर अंदर झांककर देखा, जहां श्यामवीर का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां पत्नी और तीनों बच्चों के शव भी बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

प्रारंभिक जांच में पुलिस सामूहिक आत्महत्या की आशंका जता रही है। आशंका है कि श्यामवीर ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की और बाद में खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आर्थिक तंगी सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

 

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, जिनके चलते एक पूरे परिवार की जिंदगी खत्म हो गई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!