₹1 लाख के बने ₹50 लाख: काबरा ड्रग्स के शेयर ने 7 साल में दिया 4900% रिटर्न
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच काबरा ड्रग्स का शेयर निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है। कंपनी के शेयर ने पिछले सात सालों में करीब 4900 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। फरवरी 2019 में करीब 65 पैसे पर ट्रेड करने वाला यह शेयर अब 32 रुपये के आसपास पहुंच गया है। इस हिसाब से अगर किसी निवेशक ने सात साल पहले इसमें 1 लाख रुपये लगाए होते और निवेश बनाए रखा होता, तो आज उसकी रकम लगभग 50 लाख रुपये हो सकती थी।
कंपनी के शेयर ने लंबी अवधि के साथ-साथ कम समय में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले पांच साल में शेयर करीब 589 फीसदी और तीन साल में 514 फीसदी तक बढ़ा है। वहीं, बीते एक साल में इस स्टॉक ने 200 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया, जबकि इसी अवधि में बीएसई सेंसेक्स में करीब 10 फीसदी की ही बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा, छह महीने में शेयर 65 फीसदी और एक महीने में करीब 17 फीसदी तक चढ़ चुका है।
कंपनी के हालिया कारोबारी प्रदर्शन और विस्तार योजनाओं ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। वित्त वर्ष 2026 की दिसंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 578 फीसदी बढ़कर 2.56 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को नुकसान हुआ था। कंपनी का रेवेन्यू भी मजबूत बढ़त के साथ 30.42 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके अलावा, कंपनी ने डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बढ़ाने, नए अधिग्रहण और कारोबार के विस्तार जैसे कई रणनीतिक फैसले लिए हैं, जिससे भविष्य में इसके प्रदर्शन को लेकर उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
Share this content:
