महाशिवरात्रि 2026: इस पावन पर्व पर करें अन्न, वस्त्र और तिल-गुड़ का दान, मिलेगा विशेष फल
महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी 2026 को मनाया जाएगा, जिसे शिव और शक्ति के मिलन का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पूजा-अर्चना के साथ दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। श्रद्धा से किया गया दान पापों का नाश कर जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाता है। इस दिन जरूरतमंदों को भोजन कराना या चावल, चीनी, दूध, दही और घी जैसी वस्तुओं का दान करना अत्यंत शुभ माना गया है।
महाशिवरात्रि पर गरीबों को वस्त्र दान करना भी फलदायी माना जाता है। जरूरतमंदों को साफ-सुथरे सफेद या पीले वस्त्र भेंट करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। साथ ही यह पर्व शिव-पार्वती विवाह का प्रतीक होने के कारण विवाहित महिलाओं को सुहाग सामग्री जैसे चूड़ियां, सिंदूर और लाल चुनरी का दान करने की भी परंपरा है, जिससे वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है।
इसके अलावा काले तिल और गुड़ का दान आर्थिक और मानसिक परेशानियों से मुक्ति दिलाने वाला माना जाता है। मान्यता है कि निस्वार्थ भाव से किया गया दान जीवन की बाधाओं को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाता है। धर्माचार्यों के अनुसार दान करते समय अहंकार नहीं होना चाहिए और पूजा के बाद या प्रदोष काल में जरूरतमंदों को दी गई वस्तु अधिक फलदायी मानी जाती है।
Share this content:
