भागलपुर: मंदिर में पूजा करने पहुंची बारात के दौरान लड़की का दुपट्टा खींचा, दो पक्षों में मारपीट, 50 लोगों पर FIR
बिहार के भागलपुर जिले में एक शादी की खुशियां उस समय तनाव और अफरातफरी में बदल गईं जब मंदिर में माथा टेकने पहुंचे दूल्हे और बारातियों के साथ झगड़ा हो गया। मामला ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि मंदिर में मौजूद एक युवक ने बारात में शामिल लड़की का दुपट्टा खींच दिया, जिससे विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम बारात झारखंड जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान दूल्हे और बारातियों ने रास्ते में मंदिर में रुककर पूजा करने का फैसला लिया। उसी समय मंदिर में मौजूद युवक ने बारात में आई एक युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसका दुपट्टा खींच लिया। विरोध करने पर आरोपी ने लड़की को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वहां मौजूद बाराती भड़क गए।
इसके बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर बारातियों पर टूट पड़े। आरोप है कि इस मारपीट में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। अचानक हुए इस हमले से बारातियों में भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस को सूचना मिलते ही ईशीपुर थानाध्यक्ष और स्थानीय इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया।
झगड़े के दौरान हुई अफरा-तफरी में एक और मामला सामने आया है। दूल्हे के पिता ने आरोप लगाया कि जब बाराती जान बचाकर भागे तो उसी दौरान दूल्हे की गाड़ी में रखे जेवरात चोरी कर लिए गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आठ नामजद सहित 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद बारात में आए लोगों में डर का माहौल है और शादी की खुशियां विवाद और तनाव में बदल गई हैं।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर भी महिलाओं की सुरक्षा कितनी कमजोर है और समाज किस दिशा में जा रहा है।
Share this content:
