बरेली: कॉलेज परिसर में युवक की फंदे से लटकी लाश मिली, परिजन बोले– “ये आत्महत्या नहीं, हत्या है”
यूपी के बरेली में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बरेली कॉलेज परिसर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। कॉलेज खुलते ही कर्मचारियों ने जैसे ही यह दृश्य देखा, चीख निकल पड़ी और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृत युवक की पहचान 30 वर्षीय बिहारी निवासी, कालीबाड़ी फालतूलगंज के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना कॉलेज के प्राचार्य आवास के पीछे की है, जहां लोहे की सरियों से बनी बीम पर युवक बेल्ट से लटका मिला। सुबह करीब 11 बजे कॉलेज स्टाफ ने शव देखा और सूचना पुलिस को दी। बारादरी थाना पुलिस तुरंत पहुंची और जांच शुरू कर दी। अचानक मिले इस शव से कॉलेज के छात्र और कर्मचारी दहशत में आ गए। शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन कुछ देर बाद परिजन वहां पहुंचे और शव की पहचान की।
परिजनों का आरोप है कि यह मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। परिवार का कहना है कि बिहारी रोज की तरह सुबह 5 बजे घर से निकला था और उसने ऐसी कोई बात नहीं कही थी जिससे लगे कि वह तनाव में है। परिवारवालों का कहना है कि वह शांत स्वभाव का व्यक्ति था और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। परिजनों ने यह भी दावा किया कि युवक के शरीर पर कुछ निशान थे, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। उनका आरोप है कि उसे बहला-फुसलाकर कॉलेज परिसर में बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर फंदे पर लटका दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और अभी आत्महत्या या हत्या—किसी भी एंगल को खारिज नहीं किया जा सकता। पुलिस कॉलेज परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कब और कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा। परिवार का कहना है कि बिहारी घर का सहारा था और उसकी अचानक हुई मौत ने उन्हें तोड़ दिया है। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है।
Share this content:
