May 1, 2026

मुंबई: अभिषेक बच्चन को लगा गहरा झटका, नहीं रहे 27 साल से साथ निभाने वाले मेकअप आर्टिस्ट अशोक सावंत

फिल्म अभिनेता अभिषेक बच्चन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके लंबे समय से साथ काम कर रहे मेकअप आर्टिस्ट अशोक सावंत का निधन हो गया। अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने ‘अशोक दादा’ को याद किया और बताया कि वे उनके सिर्फ मेकअप मैन नहीं बल्कि परिवार का हिस्सा थे। उन्होंने अपने पोस्ट में अशोक के साथ 27 साल की यादें साझा कीं और कहा कि उनका जाना एक व्यक्तिगत क्षति जैसा है।

अभिषेक ने लिखा, “अशोक दादा और मैंने साथ में 27 साल काम किया। वो मेरी पहली फिल्म से ही मेरे मेकअप मैन रहे। वो सिर्फ मेरी टीम का हिस्सा नहीं थे, बल्कि मेरे परिवार का हिस्सा थे। उनके बड़े भाई दीपक करीब 50 सालों तक मेरे पिता अमिताभ बच्चन के मेकअप आर्टिस्ट रहे।” उन्होंने बताया कि अशोक पिछले कुछ सालों से बीमार थे, लेकिन फिर भी हर शूटिंग के दौरान उनसे मिलने जरूर आते थे और यह सुनिश्चित करते थे कि उनका मेकअप सही तरह से हो।

भावनाओं से भरे इस पोस्ट में अभिषेक ने आगे लिखा, “मैं जब भी किसी फिल्म का पहला शॉट देता था, तो सबसे पहले अशोक दादा के पैर छूकर आशीर्वाद लेता था। अब जब काम पर जाऊंगा और वो नहीं होंगे, तो बहुत खालीपन महसूस होगा। दादा, आपके प्यार, आपकी मुस्कान और आपकी देखभाल के लिए शुक्रिया। ऊपर से मुझे आशीर्वाद देते रहना।”

अभिषेक के इस पोस्ट के बाद बॉलीवुड के कई सितारों ने भी संवेदना जताई। फैंस ने कमेंट करते हुए लिखा कि यह रिश्ता सिर्फ प्रोफेशनल नहीं बल्कि भावनाओं से जुड़ा हुआ था। अशोक सावंत के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है, क्योंकि उन्होंने न सिर्फ बच्चन परिवार बल्कि कई बड़े सितारों के साथ वर्षों तक काम किया था।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!