भोपाल: राहुल गांधी का बड़ा आरोप– ‘भारत माता पर हमला हो रहा है, मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार का गठजोड़ कर रहा वोट चोरी’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और “भारत माता पर अटैक” किया जा रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि बीजेपी और चुनाव आयोग के गठजोड़ से 25 लाख वोटों की चोरी की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि “तीनों ने मिलकर यह सिस्टम बनाया है।”
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह सिर्फ एक प्रदेश का मामला नहीं, बल्कि पूरे देश में वोट चोरी की साजिश रची जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम के पास विस्तृत सबूत हैं, जिनसे यह साबित होता है कि हर आठ में से एक वोट फर्जी है। उन्होंने कहा, “हमारे पास और भी सबूत हैं, जिन्हें हम धीरे-धीरे देश के सामने लाएंगे। यह सिर्फ वोट चोरी नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि “एसआईआर नामक सिस्टम” सिर्फ एक कवर-अप है, जो असली गड़बड़ी को छिपाने का प्रयास कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि इस प्रणाली के जरिए बीजेपी ने मतदाता सूची में हेराफेरी कराई और विपक्ष के वोटों को कमजोर करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वही पैटर्न मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी देखने को मिला है।
उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा में कांग्रेस ने 25 लाख फर्जी वोटों के सबूत उजागर किए हैं। राहुल गांधी के अनुसार, उनकी जांच टीम ने पाया कि कुछ इलाकों में एक ही पते पर सैकड़ों मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मकान नंबर 265 पर 501 मतदाता पंजीकृत पाए गए, जो साफ तौर पर चुनावी अनियमितता का संकेत है।
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, “यह सिर्फ किसी पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत माता के खिलाफ अपराध है। जब लोकतंत्र को कुचला जाता है, तो देश की आत्मा को चोट पहुंचती है।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस “लोकतंत्र की चोरी” के खिलाफ आवाज उठाएं और सच्चाई जानने के लिए तैयार रहें। कांग्रेस ने कहा है कि आने वाले दिनों में वे इन सभी सबूतों को सार्वजनिक करेंगे, ताकि देश समझ सके कि किस तरह चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है।
Share this content:
