May 1, 2026

लखनऊ: तेज रफ्तार बुलेट बस में घुसी, 17 वर्षीय छात्र वैभव की मौत, साथी शाश्वत गंभीर

लखनऊ के आशियाना इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां स्टेला मैरिस स्कूल के बाहर तेज रफ्तार बुलेट सवार दो छात्र बस में जा घुसे। हेलमेट न पहनने की वजह से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने 17 वर्षीय वैभव कुमार झा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी शाश्वत गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल में छात्रों को पिकनिक के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी और बस बाहर खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैभव ने हेलमेट हैंडल पर टांग रखा था। अचानक तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित हुई और बस से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वैभव मधुबन नगर का रहने वाला था और उसके पिता संतोष कुमार झा अधिवक्ता हैं। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया। मां कनकलता बेसुध हो गईं, जबकि पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वैभव पढ़ाई में अव्वल था और उसके माता-पिता का सपना था कि वह आईपीएस बने। हाईस्कूल में टॉप करने के बाद ही उसे जन्मदिन पर बुलेट गिफ्ट की गई थी। स्कूल ने हादसे के बाद पिकनिक रद्द कर दी और वैभव की याद में शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!