May 1, 2026

गोरखपुर: पति ने गर्लफ्रेंड से शादी के लिए रचा षड्यंत्र, पत्नी का बनाया अश्लील वीडियो, मांगे 10 लाख रुपये

पत्नी ने थाने पहुंचकर लगाई गुहार, पुलिस ने शुरू की जांच

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही पति पर नशीली दवा खिलाकर अश्लील वीडियो बनाने और उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसका पति दूसरी महिला से शादी करना चाहता है, जिसके लिए उसने ये घिनौना प्लान बनाया। अब वह वीडियो डिलीट करने के बदले उससे 10 लाख रुपये मांग रहा है। मामला गोरखनाथ थानाक्षेत्र का है।

पीड़िता ने रोते हुए पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति और ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। कई बार पंचायत हुई, समझौते भी हुए, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका। महिला ने बताया कि उसका पति सीतापुर की एक फैक्ट्री में काम करता है, जहां उसकी एक महिला से नजदीकियां बढ़ गईं। उसी युवती से शादी करने के लिए पति ने उसे हटाने का षड्यंत्र रचा। उसने पहले उसे नशीली दवा दी और बेहोशी की हालत में उसका अश्लील वीडियो बना लिया।

महिला के मुताबिक, जब उसने पति से वीडियो डिलीट करने को कहा, तो उसने शर्त रखी — “10 लाख रुपये दो, तभी वीडियो डिलीट करूंगा।” महिला ने यह भी बताया कि पति सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है ताकि उसकी और परिवार की बदनामी हो सके। डर और अपमान से टूट चुकी पीड़िता आखिरकार सोमवार को थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।

महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि साल 2016 में पंचायत के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, लेकिन इसके बाद भी पति और उसके परिजन लगातार मारपीट और धमकी देते रहे। अब पति के अवैध संबंध उजागर होने के बाद उसने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी शशिभूषण राय ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्यार और शादी के नाम पर हो रहे ऐसे अपराधों को रोकने के लिए समाज और कानून को कितनी सख्ती की जरूरत है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!