Women’s World Cup Final: टीम इंडिया और ट्रॉफी के बीच 100 ओवर, साउथ अफ्रीका से आर-पार की जंग — खत्म होगा सालों का इंतज़ार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए इंतज़ार की घड़ियां अब लगभग खत्म हो चुकी हैं। आठ साल पहले जो ख्वाब हाथ लगते-लगते छूट गया था, उसे पूरा करने का वक्त आ गया है। 2 नवंबर 2025 को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में उतरेगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम के सामने अब सिर्फ 100 ओवर की दूरी है उस ट्रॉफी से, जिसका इंतजार देश 52 साल से कर रहा है। 150 करोड़ भारतीयों की उम्मीदें और दुआएं आज नीली जर्सी पहने उन 11 खिलाड़ियों के साथ होंगी, जो मैदान पर इतिहास रचने को तैयार हैं।

 

डीवाई पाटिल स्टेडियम एक बार फिर इतिहास का गवाह बनने जा रहा है। इसी मैदान ने आईपीएल के फाइनल से लेकर पहली विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के खिताबी मुकाबले तक कई यादगार पल देखे हैं। मार्च 2023 में हरमनप्रीत कौर ने इसी मैदान पर मुंबई इंडियंस को पहली WPL ट्रॉफी दिलाई थी। अब दोबारा वही कप्तान, वही जोश और वही उम्मीदें लेकर टीम इंडिया एक बार फिर इस ऐतिहासिक मैदान पर उतरेगी। रविवार का यह मुकाबला महिला क्रिकेट इतिहास के पिछले 25 वर्षों का सबसे अहम मैच कहा जा रहा है, जिसमें दोनों ही टीमें पहली बार वर्ल्ड कप जीतने का सपना साकार करना चाहेंगी।

 

टीम इंडिया के लिए यह फाइनल भावनाओं से भरा है। 2005 और 2017 में फाइनल तक पहुंचने के बावजूद ट्रॉफी हाथ से निकल गई थी, लेकिन इस बार मौका तीसरा और इरादा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। साउथ अफ्रीका के लिए भी यह मुकाबला उतना ही खास है क्योंकि उनकी महिला टीम पहली बार किसी वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। हालांकि दोनों टीमों का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा — भारत और साउथ अफ्रीका दोनों ही लीग स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से हार चुके थे, लेकिन सेमीफाइनल में उन्होंने इन्हीं दोनों दिग्गज टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

 

भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की है। वर्ल्ड कप इतिहास में पिछले 20 सालों में भारत ने साउथ अफ्रीका को नहीं हराया है — आखिरी जीत 2005 में मिली थी, जब भारत फाइनल में पहुंचा था। हालांकि इस बार टीम का आत्मविश्वास चरम पर है। स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं, हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज ने सेमीफाइनल में लय हासिल की है, वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों के लिए खतरा साबित हो सकती हैं।

 

वहीं साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वुल्वार्ट अब तक टूर्नामेंट की सबसे सफल बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 470 रन बनाए हैं। उनके साथ ऑलराउंडर मारिजन काप भी टीम की बड़ी ताकत हैं, जिन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 42 रन बनाकर 5 विकेट झटके थे। यह दोनों खिलाड़ी भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकती हैं।

 

अगर भारतीय टीम आज इतिहास रचती है तो यह तारीख हमेशा याद रखी जाएगी। दिलचस्प बात यह है कि 2 अप्रैल 2011 को भी टीम इंडिया ने पुरुष वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। अब, ठीक साढ़े 14 साल बाद, फिर से 2 नवंबर का दिन भारतीय क्रिकेट को एक और सुनहरा अध्याय देने वाला साबित हो सकता है। अगर हरमनप्रीत की टीम ने यह मुकाबला जीत लिया, तो नवी मुंबई ही नहीं, पूरे देश में रातभर जश्न का माहौल होगा — और भारत का नाम हमेशा के लिए महिला क्रिकेट की ट्रॉफी पर अंकित हो जाएगा।

Share this content:

About The Author

You may have missed