8 साल की Love Story… शादी से पहले बरेली के बॉयफ्रेंड ने ऐसी क्या डिमांड कर दी, सदमे में आ गई गर्लफ्रेंड, खा लिया जहर

उत्तर प्रदेश के बरेली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां आठ साल तक चले प्रेम संबंध का दुखद अंत उस समय हुआ जब युवक ने दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार कर दिया। इस घटना से आहत युवती ने प्रेमी के घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी प्रेमी कासिम व उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। फिलहाल प्रेमी और उसके परिजन फरार हैं।

मामला बारादरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। युवती के पिता का कहना है कि उनकी बेटी का कासिम से करीब आठ साल से अफेयर था। दोनों शादी करने के इच्छुक थे। चार साल पहले जब मोहल्ले में यह बात फैली, तो दोनों परिवारों ने समाज में चर्चा के बाद रिश्ता पक्का कर लिया। दोनों के बीच प्रेम और भरोसे की कहानी कई सालों तक चली।

हालांकि, कुछ समय बाद दोनों परिवारों में मतभेद शुरू हो गए और यह रिश्ता टूट गया। करीब तीन महीने पहले फिर से बातचीत हुई और निकाह की तारीख तय होने लगी। लेकिन तभी कासिम और उसके परिवार ने दहेज में पैसे और स्पोर्ट्स बाइक की मांग रख दी। युवती के पिता का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर पाए। नाराज होकर कासिम के घरवालों ने शादी से मना कर दिया।

युवती इस खबर से बेहद आहत हो गई। वह अकेले ही प्रेमी के घर पहुंची और वहां उसकी मां से बातचीत करने लगी। इसी दौरान कहासुनी हो गई और आरोप है कि कासिम की मां ने युवती को धक्का दिया और जान से मारने की धमकी दी। अपमान और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने वहीं प्रेमी के दरवाजे पर जहरीला पदार्थ पी लिया। मोहल्ले के लोग जब उसे गिरते देखा तो उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी।

बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत जिला अस्पताल पहुंची और युवती का बयान दर्ज किया गया। युवती ने अपने बयान में साफ कहा कि कासिम और उसके परिवार ने दहेज मांगा और जब पिता ने देने से मना किया, तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। अपमान और मानसिक पीड़ा से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर कासिम, उसकी मां और पिता के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार उसने टॉयलेट क्लीनर जैसे जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। पुलिस आरोपी युवक और उसके परिजनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Share this content:

About The Author

You may have missed