May 4, 2026

बीवी हो जाए प्रेग्नेंट, पति ने करवाया झाड़-फूंक… नहीं हुआ कोई असर तो ओझा को ही मार डाला

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने झाड़-फूंक करने वाले ओझा की हत्या कर दी। घटना का कारण था कि आरोपी की पत्नी को संतान नहीं हो रही थी। ओझा ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि तंत्र-मंत्र और उपायों से उनकी संतान जरूर होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

जौनपुर पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 52 वर्षीय बसंतू पाल के रूप में हुई। वह सुल्तानपुर जिले के हरीपुर गांव का रहने वाला था और झाड़-फूंक का काम करता था। घटना से एक दिन पहले बसंतू को बाइक से ले जाकर झाड़-फूंक कराने के लिए बुलाया गया था। इसके बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा और अज्ञात स्थान पर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस की जांच में पता चला कि वाराणसी के त्रिवेणी पाठक, राजाराम और सत्तन नामक व्यक्ति घटना में शामिल थे। सत्तन की पत्नी को करीब दस साल से संतान नहीं हो रही थी। सत्तन ने अपनी पत्नी के लिए बसंतू पाल के पास झाड़-फूंक कराने के लिए काफी पैसे दिए, लेकिन जब इससे कोई असर नहीं हुआ तो वह पैसे वापस मांगने लगा।

सत्तन ने बसंतू से पैसे वापस लेने के लिए त्रिवेणी और राजाराम की मदद ली। इस दबाव में आकर त्रिवेणी और राजाराम ने मिलकर योजना बनायी और बसंतू की हत्या कर दी। शव को पुलिस को गुमराह करने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया गया।

जौनपुर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों, त्रिवेणी पाठक और राजाराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी आरोपियों के निशानदेही पर बरामद किया गया। तीसरे आरोपी सत्तन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सत्तन, त्रिवेणी और राजाराम ने झाड़-फूंक के लिए बसंतू को काफी पैसे दिए थे। जब संतान नहीं हुई और पैसे वापस मांगने पर बसंतू ने देने से इनकार किया, तब आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी। मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!