April 30, 2026

पूरे सोने से बनी ‘दुबई ड्रेस’ ने मचाया धमाल, गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश

शारजाह में चल रहे 56वें वॉच एंड ज्वेलरी मिडिल ईस्ट शो में पेश की गई 21 कैरेट सोने की ‘दुबई ड्रेस’ ने सबको हैरान कर दिया। करीब 10 किलो सोने से बनी यह ड्रेस न सिर्फ सुंदरता बल्कि वजन और कीमत दोनों में ही दुनिया का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।

शारजाह इन दिनों सोने की चमक से जगमगा रहा है। यहां एक्सपो सेंटर में हो रहे 56वें वॉच एंड ज्वेलरी मिडिल ईस्ट शो में दुनियाभर के ज्वेलरी प्रेमियों के लिए अनोखी कलेक्शन प्रदर्शित की जा रही है। लेकिन इस मेले की सबसे बड़ी आकर्षण बनी है ‘दुबई ड्रेस’, जिसे पूरी तरह 21 कैरेट सोने से तैयार किया गया है। इस ड्रेस ने न केवल दर्शकों को अचंभित कर दिया है बल्कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कर लिया है।

इस शानदार ड्रेस का वजन 10.0812 किलो है और इसकी कीमत लगभग 4.6 मिलियन दिरहम यानी करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इतनी भारी और महंगी ड्रेस ने ज्वेलरी की दुनिया में नया मानदंड स्थापित कर दिया है। इसे बनाने वाली मशहूर कंपनी अल रोमाइजान गोल्ड एंड ज्वेलरी ने बताया कि इस क्रिएशन को तैयार करने में महीनों की मेहनत लगी और दुनिया के बेहतरीन कारीगरों ने इसमें योगदान दिया।

ड्रेस के चार हिस्सों का अनोखा संयोजन

दुबई ड्रेस को चार प्रमुख हिस्सों में डिजाइन किया गया है। सबसे पहले इसमें है सोने का क्राउन, जिसका वजन 398 ग्राम है। इसके बाद आता है भारी-भरकम नेकलेस, जो अकेले ही 8.8 किलो से ज्यादा वजनी है। इसके अलावा इसमें शामिल हैं 134 ग्राम वजनी ईयररिंग्स और 738 ग्राम का सुनहरा हियार (कमरबंद)। इन चारों हिस्सों के मेल से यह ड्रेस दुनिया की सबसे भारी और सबसे महंगी गोल्ड ड्रेस बन गई है।

अल रोमाइजान के अनोखे प्रयोग

अल रोमाइजान कंपनी इससे पहले भी कई अनोखी चीजें बना चुकी है। इनमें 1.5 मिलियन दिरहम की गोल्डन साइकिल खास चर्चा में रही थी। लेकिन इस बार कंपनी की दुबई ड्रेस ने ज्वेलरी इंडस्ट्री में नई ऊंचाई छू ली है। शो में आने वाले लोग इस ड्रेस को देखकर दंग रह जा रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।

वैश्विक स्तर पर ज्वेलरी प्रेमियों का मेला

यह भव्य ज्वेलरी शो पांच दिनों तक चलेगा और इसमें 500 से ज्यादा कंपनियां तथा करीब 1800 डिजाइनर हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार 68 प्रतिशत प्रदर्शक विदेशों से आए हैं। इटली, भारत, तुर्की, अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, जापान, चीन, सिंगापुर, हांगकांग और मलेशिया जैसे देशों के बड़े ज्वेलर्स अपने डिजाइन्स प्रदर्शित कर रहे हैं। साथ ही पहली बार ऑस्ट्रेलिया, म्यांमार और पाकिस्तान भी इस शो में शामिल हुए हैं, जिससे इसका ग्लोबल स्तर और बढ़ गया है।

गिनीज रिकॉर्ड और दुनियाभर में चर्चा

दुबई ड्रेस ने आधिकारिक तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बना ली है। यह न सिर्फ ज्वेलरी प्रेमियों बल्कि फैशन इंडस्ट्री के लिए भी गौरव का विषय बन गया है। इस ड्रेस की कीमत और डिज़ाइन दोनों ही इसे एक अनोखा मास्टरपीस बनाते हैं। शारजाह में मौजूद ज्वेलरी प्रेमियों का कहना है कि यह ड्रेस सोने की विलासिता और कारीगरी का बेजोड़ संगम है, जो आने वाले समय में भी मिसाल बनी रहेगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!