भर दिया ITR, लेकिन रिफंड नहीं मिला? ऐसे चेक करें स्टेटस और जानें कहां फंसा है मामला
इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आखिरी तारीख बीत चुकी है, लेकिन कई करदाता अब तक अपने रिफंड का इंतजार कर रहे हैं. खासकर उन लोगों के लिए जो जरूरत से अधिक टैक्स जमा कर चुके हैं, रिफंड का समयबद्ध मिलना बहुत जरूरी है. आइए जानते हैं कि ITR रिफंड क्यों देर से आता है और आप इसे कैसे आसानी से चेक कर सकते हैं.
आयकर विभाग ने इस साल ITR भरने की आखिरी तारीख को दो बार बढ़ाया था. शुरुआत में 31 जुलाई थी, जिसे बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 किया गया और फिर 1 दिन और बढ़ा दिया गया. ITR जमा करने के बाद, विभाग आमतौर पर रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर देता है, लेकिन इसमें 4-5 सप्ताह का समय लग सकता है. रिफंड में देरी के पीछे मुख्य कारण सत्यापन की प्रक्रिया, बैंक डिटेल में गलती या अन्य डेटा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.
आयकर रिफंड तभी प्रोसेस होता है जब आप अपने ITR का ई-सत्यापन (e-Verification) कर देते हैं. अगर आपका बैंक खाता पहले से सत्यापित है, तो रिफंड को तेज़ी से ट्रैक किया जा सकता है. इसलिए ITR दाखिल करने के बाद तुरंत ई-सत्यापन करना महत्वपूर्ण है. इससे न केवल रिफंड जल्दी मिलता है, बल्कि प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी से भी बचा जा सकता है.
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका रिफंड कहां फंसा है, तो इसे ऑनलाइन चेक करना बेहद आसान है. इसके लिए सबसे पहले आयकर विभाग के पोर्टल eportal.incometax.gov.in पर जाएं. वहां अपने आयकर उपयोगकर्ता आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करें.
लॉगिन के बाद ‘ई-फाइल’ टैब पर क्लिक करें और ‘आयकर रिटर्न’ में जाकर ‘फाइल किए गए रिटर्न देखें’ ऑप्शन चुनें. अब आपकी वर्तमान और पिछली ITR रिफंड स्थिति स्क्रीन पर दिखाई देगी. अगर आप और विवरण जानना चाहते हैं तो ‘व्यू डिटेल’ पर क्लिक करें. यहां से आप सीधे देख सकते हैं कि आपका रिफंड किस स्टेज पर है और अगर कोई समस्या है तो उसका कारण भी पता चल जाएगा.
इस आसान स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस से आप बिना किसी झंझट के अपने ITR रिफंड का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं और पता लगा सकते हैं कि आपका रिफंड क्यों देर से आ रहा है.
Share this content:
