वायरल बुखार के कौन से लक्षण होते हैं खतरनाक? एक्सपर्ट्स से जानें
बदलते मौसम में बुखार आना आम बात है, लेकिन इसे हल्के में लेना कभी-कभार खतरनाक भी साबित हो सकता है। वायरल बुखार तब होता है जब वायरस शरीर में प्रवेश करता है और शरीर की इम्यूनिटी कमजोर होने पर यह तेजी से फैलता है। गंदा पानी पीना या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना वायरल संक्रमण के कारण बन सकता है। सामान्य बुखार में हल्का दर्द या गले में खराश हो सकती है, लेकिन कुछ गंभीर लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
कैसे फैलता है वायरल बुखार
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट और डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. एलएच घोटेकर के अनुसार, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर रहना, सफाई का ध्यान न रखना और गंदा पानी पीना वायरल बुखार को बढ़ावा देता है। बच्चे और बुजुर्ग इस संक्रमण के सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, क्योंकि उनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है।
सावधानी के लिए गंभीर लक्षण
- तेज़ और लगातार बढ़ता बुखार
अगर बुखार 102 डिग्री से अधिक चला जाए और दवा लेने के बाद भी कम न हो, तो यह गंभीर लक्षण है। ऐसे में शरीर डिहाइड्रेट हो सकता है और अंदरूनी संक्रमण फैल सकता है। तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। - सांस लेने में तकलीफ
खांसी, सांस फूलना, सीने में जकड़न या सीटी जैसी आवाज आने पर ध्यान दें। ये लक्षण फेफड़ों के संक्रमण या निमोनिया का संकेत हो सकते हैं। - शरीर में तेज दर्द और कमजोरी
मांसपेशियों या जोड़ों में असामान्य दर्द, चलने-फिरने में कठिनाई या अचानक कमजोरी डेंगू या चिकनगुनिया की ओर इशारा कर सकते हैं। - उल्टी, दस्त या डिहाइड्रेशन
लगातार उल्टी या दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी हो जाती है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति गंभीर हो सकती है। - मानसिक भ्रम या दौरे
वायरल संक्रमण दिमाग तक पहुंचने पर चक्कर, बेहोशी, बात करने में दिक्कत या दौरे आने जैसे लक्षण दिखा सकते हैं। यह बहुत गंभीर स्थिति है, ऐसे में तुरंत अस्पताल ले जाएं।
वायरल बुखार का टेस्ट
वायरल बुखार की पुष्टि के लिए वायरल मार्कर टेस्ट किया जाता है। इससे पता चलता है कि शरीर में वायरस का स्तर कितना है। लेवल अधिक होने पर डॉक्टर उसके अनुसार दवाइयां निर्धारित करते हैं।
वायरल बुखार में शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें और यदि गंभीर संकेत दिखें तो समय पर इलाज शुरू करें, ताकि संक्रमण बढ़ने से बचा जा सके।
Share this content:
