वर्ल्ड कप से पहले स्मृति मंधाना का धमाका, आईसीसी रैंकिंग में बनीं दुनिया की नंबर 1 बल्लेबाज
महिला वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत से ठीक पहले भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की लेटेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने इंग्लैंड की नैट सिवर को पीछे छोड़ दिया है, जो अब दूसरे पायदान पर खिसक गई हैं। यह भारतीय टीम और फैंस के लिए वर्ल्ड कप से पहले बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला पल है।
स्मृति मंधाना को नंबर वन पर पहुंचाने में हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई उनकी पारी का अहम योगदान रहा। वनडे सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 58 रनों की जिम्मेदार पारी खेली थी। इसी इनिंग से उन्हें 7 रेटिंग पॉइंट का फायदा हुआ और वह नैट सिवर से 4 अंक आगे निकल गईं। मंधाना की इस शानदार उपलब्धि से जहां टीम इंडिया का आत्मविश्वास बढ़ा है, वहीं फैंस को भी उम्मीद है कि वर्ल्ड कप में उनका बल्ला खूब रन बरसाएगा।
यह पहला मौका नहीं है जब स्मृति मंधाना आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर वन बनी हैं। साल 2019 में भी उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि, इस बार खास बात यह है कि वर्ल्ड कप की शुरुआत से महज कुछ दिन पहले उनके नंबर वन पर पहुंचने से भारतीय टीम को बड़ा फायदा मिल सकता है। अब जब मंधाना का मनोबल ऊंचा होगा तो जाहिर तौर पर इससे पूरी टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
आईसीसी की लेटेस्ट रैंकिंग में मंधाना के अलावा कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज टॉप-10 में जगह नहीं बना पाया है। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार देखने को मिला है। उनकी ओपनिंग पार्टनर प्रतीका रावल की रैंकिंग में 4 स्थान की बढ़त हुई है। वहीं, हरलीन देओल ने 5 स्थान की छलांग लगाई है और वह प्रतीका से सिर्फ एक कदम पीछे 43वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
गेंदबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग की बात करें तो भारत की दीप्ति शर्मा अभी भी टॉप-10 में शामिल हैं। हालांकि, गेंदबाजों की सूची में उन्हें तीन स्थान का नुकसान हुआ है और वह अब 7वें नंबर पर हैं। लेकिन, ऑलराउंडर रैंकिंग में दीप्ति ने अपना चौथा स्थान बरकरार रखा है। कुल मिलाकर, वर्ल्ड कप से पहले आईसीसी की यह रैंकिंग भारत के लिए सकारात्मक संकेत लेकर आई है और स्मृति मंधाना का नंबर वन बनना टीम की सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकता है।
Share this content:
