पढ़ाई-दवाई-कमाई… तेजस्वी यादव ने बताए बिहार चुनाव के असली मुद्दे, शुरू की बिहार अधिकार यात्रा
राजद (RJD) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार से अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। यह यात्रा 4 दिनों तक चलेगी, जिसकी शुरुआत जहानाबाद से हुई और समापन 20 सितंबर को वैशाली में होगा। इस मौके पर तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि बिहार में असली मुद्दे पढ़ाई, दवाई, कमाई और सिंचाई हैं, लेकिन सत्ताधारी दल लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार बनेगी तो भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त शासन देंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ उनकी नहीं है, बल्कि बेरोजगार युवाओं, किसानों, मजदूरों और माताओं-बहनों की सुरक्षा व सम्मान की यात्रा है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है। जहां भी वह जा रहे हैं, लोगों की एक ही शिकायत सामने आ रही है कि बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। तेजस्वी ने वादा किया कि उनकी सरकार में चाहे कोई अपना हो या बेगाना, भ्रष्टाचार और अपराध में शामिल किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
राहुल गांधी के साथ मतभेदों को लेकर उठे सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि उन्हें इस पर सफाई देने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हम जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं और जनता बदलाव चाहती है। चाहे कांग्रेस हो या महागठबंधन के अन्य साथी, सबका मकसद एक है—बिहार में नई सरकार और बदलाव। उन्होंने साफ किया कि विपक्षी खेमे में किसी भी तरह की दरार की अफवाहें सिर्फ ध्यान भटकाने की कोशिश हैं।
एनडीए पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने मौजूदा सरकार को ‘लाठी की सरकार’ बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब लाठी नहीं, बल्कि कलम चाहती है। लोग नौकरी, न्याय और अधिकार चाहते हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार में बेरोजगारी चरम पर है और जिस तरह से हाल ही में एक मंत्री ने पत्रकार के साथ बदसलूकी की, उसे जंगलराज से कम नहीं कहा जा सकता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तेजस्वी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 11 साल से सत्ता में है, लेकिन घुसपैठियों का मुद्दा सिर्फ चुनावों के वक्त उठाया जाता है। असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी बातें की जाती हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने से लगातार इंकार किया जा रहा है, जबकि यही बिहार की सबसे बड़ी जरूरत है। तेजस्वी ने दावा किया कि जनता अब सब समझ चुकी है और इस बार बदलाव तय है।
Share this content:
