April 20, 2026

एशिया कप 2025: कुलदीप और सूर्या के दम पर पाकिस्तान पर भारत की बड़ी जीत, सुपर-4 में एंट्री

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2025 के हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर सुपर-4 में जगह पक्की कर ली। यह भारत की पाकिस्तान पर पिछले सवा साल में लगातार तीसरी जीत रही। इससे पहले भारतीय टीम ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में शिकस्त दी थी। इस जीत के बाद एक बार फिर साबित हो गया कि मौजूदा दौर में भारतीय टीम पाकिस्तान से कहीं ज्यादा मजबूत और संतुलित है।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन यह फैसला उनके लिए भारी पड़ गया। शुरुआती ओवरों में ही भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपा दिया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान की सलामी जोड़ी को पवेलियन भेजकर टीम को दबाव में डाल दिया। इसके बाद कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की स्पिन गेंदबाजी ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। पूरी टीम 127 रन पर सिमट गई। शाहीन अफरीदी ने अंत में तेज 33 रन बनाकर स्कोर को थोड़ा सम्मानजनक जरूर बनाया, लेकिन यह भारत के खिलाफ काफी नहीं था।

भारतीय गेंदबाजों में कुलदीप यादव सबसे घातक साबित हुए। उन्होंने सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने 2 और बुमराह ने भी 2 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखरी रही और कोई भी बड़ा साझेदारी नहीं हो सकी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत आक्रामक रही। अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी के पहले ही ओवर में चौका और छक्का लगाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने मात्र 13 गेंदों में 31 रन बनाए। हालांकि शुभमन गिल और अभिषेक जल्दी आउट हो गए, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा और शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला।

सूर्या ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 47 रन बनाए और 16वें ओवर में छक्का लगाकर भारत को शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-4 में एंट्री कर ली और पाकिस्तान को लगातार तीसरी बार हराने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस मुकाबले ने एक बार फिर साबित किया कि भारत का गेंदबाजी और बल्लेबाजी विभाग पाकिस्तान से कहीं अधिक संतुलित और मजबूत है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!