दलीप ट्रॉफी 2025 फाइनल: रजत पाटीदार की कप्तानी में सेंट्रल जोन ने जीता खिताब, साउथ जोन को 6 विकेट से हराया
दलीप ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में खेला गया, जहां सेंट्रल जोन ने साउथ जोन को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सेंट्रल जोन को जीत के लिए सिर्फ 65 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही कप्तान रजत पाटीदार ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की, क्योंकि इससे पहले वे आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को भी चैंपियन बना चुके हैं।
फाइनल मैच में सेंट्रल जोन ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। साउथ जोन की टीम पहली पारी में महज 149 रन पर सिमट गई। स्पिनर सारांश जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि कुमार कार्तिकेय ने 4 विकेट लिए। इस प्रदर्शन ने सेंट्रल जोन को मजबूत स्थिति में ला दिया। इसके बाद बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी निभाते हुए टीम को पहली पारी में 511 रन तक पहुंचाया। कप्तान रजत पाटीदार ने 101 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि यश राठौड़ ने धुआंधार 194 रन बनाए। सारांश जैन ने बल्ले से भी योगदान दिया और 69 रन जोड़े।
हालांकि दूसरी पारी में साउथ जोन ने वापसी करने की कोशिश की और 426 रन बनाए। इस दौरान अंकित शर्मा ने 99 रन, जबकि आंद्रे सिद्धार्थ ने 84 रन बनाए। लेकिन इतने बड़े अंतर को पाटना आसान नहीं था और सेंट्रल जोन ने अंतिम पारी में लक्ष्य को आसानी से हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
टूर्नामेंट में यश राठौड़ और सारांश जैन हीरो बनकर उभरे। यश राठौड़, जो पहली पारी में दोहरा शतक चूक गए थे, को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, ऑलराउंडर सारांश जैन को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार मिला। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 136 रन बनाए और 16 विकेट हासिल किए।
कप्तान रजत पाटीदार भी पूरे टूर्नामेंट में छाए रहे। उन्होंने तीन मैचों में 76 से ज्यादा की औसत से 382 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट भी 96 से ऊपर रहा। वहीं, यश राठौड़ ने 124 से ज्यादा की औसत से 374 रन बनाए और दानिश मालेवार ने भी 70 से ज्यादा की औसत से 352 रन ठोके। इन प्रदर्शनों ने सेंट्रल जोन को 2025 का दलीप ट्रॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
Share this content:
